नई दिल्ली

‘वोट चोरों’ के खिलाफ शुरू हुआ नया महाभारतट, तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए शकुनि के खेल का किया जिक्र

Tejashwi Yadav: दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली में RJD नेता तेजस्वी यादव ने वोट चोरी के आरोपों को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। महाभारत का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वोट चुराने वालों के खिलाफ नया महाभारत शुरू हो गया है।
2 min read
• •
Updated: 1 Nov 2026, 6:01 PM IST
Tejashwi Yadav
तेजस्वी यादव का बीजेपी पर तंज

INDIA Bloc Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र की सत्ताधारी पार्टी और चुनावी प्रक्रिया को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने वोट चोरी के आरोपों को लेकर महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा कि वोट चुराने वालों के खिलाफ आधुनिक दौर का महाभारत शुरू हो चुका है।

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि रामलीला मैदान परंपरागत रूप से रामायण के मंचन के लिए जाना जाता है, लेकिन आज यहां वोट चोरी करने वालों के खिलाफ महाभारत का आयोजन किया गया है।

'महाभारत की तरह शकुनि खेल रहा है अपना खेल'

तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में महाभारत के पात्र शकुनि का जिक्र करते हुए कहा कि सभी जानते हैं कि शकुनि ने महाभारत में किस तरह का खेल खेला था। उन्होंने कहा कि महाभारत की शुरुआत युद्ध के मैदान से नहीं, बल्कि पासों के खेल से हुई थी। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में भी शकुनि अपना खेल खेल रहा है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए विपक्ष को यह लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

SIR और मतदाता सूची में गड़बड़ी के खिलाफ जुटा विपक्ष

दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की 'चलो दिल्ली' रैली में देशभर से विपक्षी दलों के नेता और हजारों समर्थक जुटे। इस दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए गए।
विपक्ष का मार्च मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से शुरू होकर रामलीला मैदान पहुंचा। इससे पहले 31 अक्टूबर को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रतीकात्मक 'जनता के महाभियोग' कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था।

राहुल गांधी से अखिलेश यादव तक कई बड़े नेता हुए शामिल

रैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, सांसद अभिषेक बनर्जी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, CPI नेता डी. राजा, PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत INDIA गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस रैली के जरिए विपक्षी दलों ने SIR और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के मुद्दे पर एकजुटता दिखाने की कोशिश की।

Updated on:
1 Nov 2026, 6:01 PM IST
Published on: