नई दिल्ली

टर्बुलेंस में फंसा विमान अचानक 26 हजार फीट नीचे आया प्लेन…घबराए यात्री भेजने लगे आखिरी संदेश

191 यात्रियों को ले जा रहा विमान 36 हजार फीट की ऊंचाई से महज मिनट में 26 हजार फीट नीचे आ गया। क्रू मेंबर ने यात्रियों को अपना ऑक्सीजन मास्क पहनने को कहा तो यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
2 min read
Feature image

बीजिंग. चीन के शंघाई से टोक्यो जा रही जापान एयरलाइन्स की फ्लाइट बोइंग 737 एयर टर्बुलेंस में ऐसी फंसी की यात्रियों की जान हलक में आ गई। 191 यात्रियों को ले जा रहा विमान 36 हजार फीट की ऊंचाई से महज मिनट में 26 हजार फीट नीचे आ गया। क्रू मेंबर ने यात्रियों को अपना ऑक्सीजन मास्क पहनने को कहा तो यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने डर और घबराहट में ऑक्सीजन मास्क निकालकर फेंक दिए। कुछ लोग सो रहे थे, वे झटके से जाग गए। सभी को लग रहा था कि अब जीवन के कुछ ही पल बचे हैं। ऐसे में यात्री परिजनों को आखिरी संदेश लिखने लगे, कुछ बैंक के पिन और बीमा की जानकारी शेयर करने लगे। कुछ यात्रियों ने तो वसीयत तक लिख डाली। हालांकि विमान जब 10 हजार 500 फीट की ऊंचाई पर था, तब पायलट ने किसी तरह विमान पर काबू पाया और इमरजेंसी लैंडिंग करवाई। इसके बाद यात्रियों की सांस में सांस लौटी। घटना 30 जून की है।

उतरने के बाद भी चेहरे पर डर था
घटना के दौरान कुछ यात्रियों द्वारा बनाए वीडियो में यात्रियों के चेहरे पर डर नजर आ रहा था। फ्लाइट अटेंडेंट उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों के लिए निर्देशित कर रही थीं। कुछ देर की अफरातफरी के बाद विमान को स्थानीय समयानुसार रात 8.50 पर जापान के ओसाका एयरपोर्ट में सुरक्षित उतार लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन विमान से उतरने के बाद भी यात्रियों के चेहरे पर डर नजर आ रहा था।

यात्रियों को ठहराया, मुआवजा दिया
यात्रियों के लिए एक रात ठहरने का इंतजाम किया गया और उन्हें टोक्यो जाने के लिए 15,000 येन (करीब 9 हजार रुपए) का मुआवजा दिया गया। जांच एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं। बोइंग विमानों के साथ हो रहे हादसों से यात्री चिंतित हैं। पिछले माह अहमदाबाद से लंदन जा रहा बोइंग का विमान हादसे का शिकार हो गया था, इसमें एक यात्री को छोड़ सभी की मौत हो गई थी।

Updated on:
03 Jul 2025 12:18 am
Published on:
03 Jul 2025 12:18 am