अज्ञात लोगों ने दिल्ली देहरादून एलिवेटेड रोड पर आपत्तिजनक शब्द लिख दिए। आनन- फानन में पुलिस ने इन शब्दों को मिटवाया और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
UP Crime सहारनपुर जिले में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश का मामला सामने आया है। बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनी रेलिंग वाली दीवार पर आपत्तिजनक वाक्य लिखे जाने से हड़कंप मच गया। दीवार पर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लिखा कि यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है। जब इस बात का पता पुलिस को चला तो आनन फानन में दीवार पर लिखे शब्द मिटवाएं गए और अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली।
घटना शुक्रवार की है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दीवार पर लिखे गए वाक्य को हटवाया और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के एक कर्मचारी की ओर से बिहारीगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस अब सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन का कहना कि शिकायत के आधार पर हिंदू रक्षा दल के अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा सार्वजनिक रूप से शरारत फैलाने और समुदायों के बीच दुर्भावना बढ़ाने से जुड़े अपराधों से संबंधित है।
इधर, सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवतियां कथित तौर पर राष्ट्रीय राजमार्ग के एलिवेटेड हिस्से की रेलिंग वाली दीवार पर पेंट से कुछ लिखती नजर आ रही हैं। वीडियो में उत्तराखंड नंबर की एक कार भी दिखाई दे रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ संदेश पर ध्यान न दें। मामले की गहन जांच जारी है।