
पत्रिका फोटो
17 Year Old Boy Killed: पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में रविवार तड़के एक 17 साल के किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, वारदात रात करीब 12:30 बजे डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास हुई, जहां तीन लोगों ने मिलकर किशोर पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि हत्या में शामिल तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
बता दें कि इसके पहले भी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में ऐसे ही सनसनीखेज मामला सामने आया था, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय एक किशोर की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां किशोर खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी राहुल अलावल ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमों को लगाया है और जांच तेजी से जारी है।
घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों का दावा है कि वारदात बेहद व्यस्त इलाके में हुई, जहां पास में बाजार लगा हुआ था और लोगों की लगातार आवाजाही बनी हुई थी। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि करीब 12 से 15 युवक मौके पर पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। मृतक की पहचान अभिषेक के रूप में हुई है, जो घटनास्थल से कुछ ही गलियों की दूरी पर रहता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की घटना ने सभी को डरा दिया है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फिलहाल हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
Updated on:
14 Jun 2026 02:48 pm
Published on:
14 Jun 2026 12:18 pm
