
नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह से ही मौसम खुशगवार है। यहां रिमझिम-रिमझिम बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 से 10 अगस्त तक रूक-रूक कर बारिश होती रहेगी। 8 अगस्त तक अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। रिमझिम-रिमझिम बारिश झमाझम में बदल सकता है। जबकि प्रादेशिक मौसम केंद्र के अनुसार, 9 अगस्त तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में दोपहर बाद घने बादल छा गए। खासतौर पर पालम, आयानगर और रिज के इलाके में बूंदाबांदी हुई, जबकि लोधी रोड क्षेत्र में हल्की फुहारें पड़ीं।
10 अगस्त तक होगी वर्षा
मौसम विभाग के अनुसार 6 से 8 अगस्त तक भारी वर्षा होगी तो प्रादेशिक मौसम केंद्र के अनुसार 9 अगस्त को भी भारी बारिश हो सकती है। जबकि मौसम की जानकारी देने वाला निजी केंद्र स्काईमेट का कहना है कि दिल्ली एनसीआर में बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन बारिश के लिए 8 अगस्त तक इंतजार करना होगा। इस दौरान राजधानी और एनसीआर में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम में भी दो से तीन डिग्री गिरावट की संभावना जताई गई है।
कभी तेज कभी हल्की बारिश होगी
मौसम विभाग के अनुसार 7 अगस्त से बारिश में तेजी आएगी और यह 10 अगस्त तक होती रहेगी। इस दौरान रूक-रूक कर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होती रहेगी। जबकि स्काईमेट का कहना है कि दिल्ली एनसीआर में मानसून इस बार सामान्य से कम रहेगा। बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन जबरदस्त बारिश के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। हिमालय की तराई वाले क्षेत्र में मानसून होने की वजह से बारिश के आसार फिलहाल नहीं है। बारिश के दिल्ली आने की संभावना 8 अगस्त तक है। । क्लाइमेट के अनुसार, हिमालय के तराई क्षेत्र से मानसून के दिल्ली आने में इतना वक्त तो लग ही जाएगा। इसलिए उम्मीद यही है कि अच्छी बारिश 8 अगस्त के बाद ही आएगी।