25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Delhi / New Delhi / मनीष गुप्ता हत्याकांड: दिल्ली HC ने हत्या के आरोपी तत्कालीन UP पुलिस SHO को दी जमानत, 5 साल से था जेल में

मनीष गुप्ता हत्याकांड: दिल्ली HC ने हत्या के आरोपी तत्कालीन UP पुलिस SHO को दी जमानत, 5 साल से था जेल में

Jagat Narayan Singh Bail: मनीष गुप्ता हत्याकांड में दिल्ली हाई कोर्ट ने तत्कालीन UP पुलिस SHO जगत नारायण सिंह को जमानत दे दी। आरोपी पांच साल से ज्यादा समय से जेल में बंद था।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Imran Ansari

•

Updated: 25 Nov 2026, 1:09 PM IST

Jagat Narayan Singh Bail

मनीष गुप्ता हत्याकांड मामले में आरोपी SHO को मिली जमानत, फोटो सोर्स- ANI

Manish Gupta Murder Case: दिल्ली हाई कोर्ट ने गोरखपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता की मौत के मामले में आरोपी तत्कालीन पुलिस इंस्पेक्टर जगत नारायण सिंह को जमानत दे दी है। इस चर्चित हत्याकांड के मामले में जगत नारायण पिछले पांच साल से सजा काट रहे थे। बता दें कि जगत नारायण सिंह सितंबर 2021 में गोरखपुर के रामगढ़ ताल थाने के SHO थे। उस समय वह पुलिस टीम का नेतृत्व कर रहे थे, जिसने गोरखपुर के एक होटल में तलाशी ली थी। इसी होटल में मनीष गुप्ता अपने दोस्तों के साथ ठहरे हुए थे।

पुलिस ने जगत नारायण सिंह को 10 अक्टूबर 2021 को गिरफ्तार किया था। बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इस मामले की सुनवाई दिल्ली ट्रांसफर कर दी गई थी। मामले की जांच CBI ने की।

5 साल से ज्यादा जेल में रहने को माना अहम

रिपोर्ट के मुताबिक जस्टिस सचिन दत्ता की अदालत ने जमानत देते समय आरोपी के पांच साल से ज्यादा समय से हिरासत में रहने को अहम आधार माना। कोर्ट ने यह भी ध्यान दिया कि मामले के सभी महत्वपूर्ण गवाहों की गवाही हो चुकी है। हालांकि अभी 46 गवाहों की गवाही बाकी है। सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि एक गवाह अपने पहले के बयान से मुकर चुका है।

बचाव पक्ष ने कहा- कोई बरामदगी नहीं हुई

जगत नारायण सिंह की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव मोहन और अधिवक्ता रेहान खान ने दलील दी कि कथित अपराध के पीछे कोई स्पष्ट मकसद नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी से कोई बरामदगी नहीं हुई है। वकील ने कहा कि घटना के समय जगत नारायण सिंह और उनकी टीम ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर होटल में तलाशी ली थी। उस समय इलाके में त्योहार को देखते हुए होटलों की जांच की जा रही थी। बचाव पक्ष का दावा था कि CBI ने अपने जवाब में इस तथ्य को प्रमुखता से नहीं रखा।

CBI ने जमानत का किया विरोध

इतना ही नहीं CBI की तरफ से अधिवक्ता रिपुदमन भारद्वाज ने जमानत का विरोध किया। उन्होंने कहा कि आरोपी पुलिस अधिकारी रहा है और वह मुकदमे को प्रभावित कर सकता है। CBI ने अदालत से मामले की सुनवाई जल्द पूरी करने का निर्देश देने की मांग भी की। बचाव पक्ष ने कहा कि आरोपी पांच साल से अधिक समय से जेल में है और होटल के कर्मचारियों तथा शिकायतकर्ता समेत सभी महत्वपूर्ण गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी है।

मामले में 6 आरोपी, सभी पुलिसकर्मी

इस मामले में कुल छह आरोपी हैं और सभी पुलिसकर्मी हैं। इनमें से बाकी आरोपी पहले ही जमानत पर बाहर हैं। जगत नारायण सिंह की जमानत याचिका इससे पहले ट्रायल कोर्ट ने खारिज कर दी थी। यह मामला सितंबर 2021 में गोरखपुर के एक होटल में पुलिस टीम द्वारा मनीष गुप्ता के साथ कथित मारपीट और उनकी मौत से जुड़ा है। घटना के बाद पुलिसकर्मियों पर मनीष गुप्ता की हत्या का आरोप लगा था।