अमरीका : डिग्री, रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस के बगैर प्रैक्टिस का आरोप
शिकागो. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस दुनिया का पहला 'रोबोट वकीलÓ अदालत में वकालत करने के बजाय खुद कठघरे में खड़ा होने वाला है। उस पर कानून की डिग्री, रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस के बगैर प्रैक्टिस करने का आरोप लगा है।शिकागो की कानूनी फर्म एडल्सन ने सुपीरियर कोर्ट ऑफ कैलिफोर्निया में रोबोट वकील के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। फर्म ने आरोप लगाया कि रोबोट के पास न तो कानून की डिग्री है, न ही वह कोई नियंत्रक संस्थान है। ऐसे में उसे प्रैक्टिस की इजाजत नहीं दी जा सकती। फर्म की तरफ से जोनाथन फरीदियां ने शिकायत में आरोप लगाया कि कथित रोबोट वकील से उन्होंने एक कानूनी दस्तावेज खरीदा था, जो घटिया किस्म का था। गौरतलब है कि वकील रोबोट को स्मार्टफोन के जरिए ऑपरेट किया जाता है। अमरीकी अदालतों में इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस के इस्तेमाल पर प्रतिबंध के कारण भी वकील रोबोट सवालों के घेरे में है।
जनवरी में किया गया था ट्रायल
अमरीकी स्टार्टअप कंपनी डू नॉट पे ने जनवरी में दुनिया का पहला रोबोट वकील पेश किया था। जनवरी में ही इसका ट्रायल हुआ। स्टार्टअप ने दावा किया था कि यह रोबोट वकील ओवर स्पीडिंग के जुड़े मामलों में कानूनी सलाह देगा और बहस भी करेगा।
कंपनी को झटका
डू नॉट पे के सीईओ जोशुआ ब्राउडर ने ट्वीट में कहा कि कंपनी के लिए यह बुरी खबर है कि कानूनी सलाह के लिए बनाया गया उनका वकील रोबोट खुद कानूनी उलझन में पड़ गया है। इसे कोर्ट में पेशी के दौरान एपल एयरपॉड्स के जरिए कनेक्ट रखा जाता था।