Tirupur Woman Conned
तिरुपुर. जिले के तारापुर के रहने वाले महेश अरविंद (35) के उस वक्त होश फाख्ता हो गए, जब उसे अपनी नई-नवेली दुल्हन की करतूत के बारे में पता चला। दरअसल, जिस महिला को विवाह कर घर लाया था,वह पहले ही शादियों की हाफ सेंचुरी लगा चुकी थी और इस जालसाज औरत ने उन सभी लोगों को जमकर ठगा।
ऑनलाइन ऐप्प से हुई दोस्ती
शिकायतकर्ता महेश अरविंद (35) का ईरोड जिले की रहने वाली सत्या (30) से ऑनलाइन एप्लिकेशन के जरिए परिचय हुआ था। दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ गई और दोनों को प्यार हो गया। दोनों ने घर में बिना बताए शादी कर ली। बाद में परिवार की स्वीकृति से अरविंद ने सत्या के साथ अपने घर में पारिवारिक जीवन शुरू किया। जब सत्या ने राशन कार्ड में अपना नाम जुड़वाने की कोशिश की तो पता चला कि सत्या के पति के तौर पर किसी और व्यक्ति का नाम दर्ज है। यह जानकर महेश ने तुरंत अपने परिचितों के माध्यम से सत्या के गृहनगर के बारे में जानकारी ली।
कई लोगों से रचाई शादी
पूछताछ करने पर पता चला कि सत्या पहले से ही कई लोगों से शादी कर चुकी है और उसका एक बच्चा भी है। इसके बाद महेश सत्या को तारापुरम पुलिस स्टेशन ले गया और उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हालांकि सत्या थाने से भाग गई।
सत्या के खिलाफ कई मामले दर्ज
महेश ने कई जगहों पर पूछताछ की तो पता चला कि सत्या ने कई लोगों को ठगा है। इस बारे में पता चलने पर चार और लोगों ने सत्या के खिलाफ तारापुरम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। महेश ने और जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह पचास से अधिक लोगों के साथ कांड कर पैसे और गहनों की ठगी कर चुकी है। खुलासा हुआ है कि सत्या ने गाय-भैंस चरवाहे से लेकर पुलिसवालों और कई बिजनेसमैन को ठगा है। वह जिस व्यक्ति को फांसती उसे रजिस्टर्ड मैरिज करने पर मजबूर करती है। उसके बाद वह उन्हें ब्लैकमेल करती है और तलाक मांगती है। पुलिस सत्या की तलाश कर रही है।