समाचार

94 आइफोन दिल्ली-हरियाणा में एक्टिव हुए, पहले हुई लूट में शामिल आरोपियों के शामिल होने की आशंका

राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर करीब 20 दिन पहले लूटे गए लगभग 12 करोड़ रुपए कीमत के आइफोन को रिकवर करने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। लुटेरों ने 15 दिन तक शिकायत न होने का भरपूर फायदा उठाया और दिल्ली-हरियाणा में आइफोन खपाए, जिसमें से पुलिस की जांच में 94 मोबाइल एक्टिव मिले हैं, यानी लोगों ने खरीदकर उनका उपयोग शुरू कर दिया है।

2 min read
Sep 08, 2024

बांदरी पुलिस की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहा विभाग, मुख्य आरोपी जद से बाहर

सागर. राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर करीब 20 दिन पहले लूटे गए लगभग 12 करोड़ रुपए कीमत के आइफोन को रिकवर करने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। लुटेरों ने 15 दिन तक शिकायत न होने का भरपूर फायदा उठाया और दिल्ली-हरियाणा में आइफोन खपाए, जिसमें से पुलिस की जांच में 94 मोबाइल एक्टिव मिले हैं, यानी लोगों ने खरीदकर उनका उपयोग शुरू कर दिया है। वहीं जांच में इस बात के भी सबूत मिले हैं कि आइफोन से भरे कंटेनर की लूट में नेशनल हाइवे पर वर्ष 2022 में हुई वारदातों में शामिल रहे आरोपी भी शामिल हैं, जिसके बाद पुलिस पुराने मामलों को खंगालने में जुट गई है।

- समय से ध्यान देते तो मुश्किल न होती

लूट की इस वारदात में सबसे बड़ी गलती बांदरी थाना पुलिस की सामने आ रही है, जिन्होंने घटना के बाद शिकायत करने आए कंटेनर चालक को थाने से भगा दिया और वरिष्ठ अधिकारियों को भी सूचित नहीं किया। यदि समय रहते लूट के मामले में जांच शुरू हो जाती हो शायद पुलिस को आरोपियों और लूट के माल को पकडऩे में इतनी मुश्किलें न होतीं।

- फुटकर व्यापारियों को बेचे मोबाइल

पुलिस की अब की गई पड़ताल में यह बात सामने आई है कि बांदरी से लूटे गए आइफोन बल्क में नहीं बेचे हैं। लूट में शामिल आरोपी हरियाणा के पलवल के रहने वाले हैं, उन्होंने पलवल के फुटकर मोबाइल व्यापारियों को फोन सेल किए हैं, जिसमें से करीब 30 मोबाइल रिकवर बात होने की जानकारी दी जा रही है। वहीं चिन्हित किए गए कुछ अन्य फुटकर व्यापारियों की भी पुलिस टीमें पलवल पुलिस के सहयोग से तलाश में जुटी हैं।

- अब टीम बढ़ाने की तैयारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल पांच टीमें आइफोन मामले में पड़ताल में जुटी हैं। तीन टीमें दिल्ली-हरियाणा में डेरा डाले हैं तो एक टीम ऑन द वे रहती है। इसके अलावा एक टीम अलग से कुछ पहलूओं पर जांच कर रही है। वहीं स्थानीय स्तर पर भी पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ करने सहित अन्य कार्रवाइयों में लगी हुई है। इसके बाद अब जल्द से जल्द कार्रवाई पूरी करने के लिए टीम बढ़ाने की तैयारी विभाग स्तर पर चल रही है।

- चार आरोपियों से 200 आइफोन बरामद

नेशनल हाइवे पर आइफोन से भरे कंटेनर को लूटने वाले मामले में पुलिस ने हरियाणा के पलवल क्षेत्र के रहने वाले 4 आरोपियों को पकड़ लिया है, जिनसे पिछले तीन दिन से पूछताछ चल रही है। वहीं दिल्ली व हरियाणा की अलग-अलग जगहों से पुलिस ने कंटेनर से लूटे गए लगभग 200 आइफोन भी बरामद करने की चर्चा है। हालांकि एक सप्ताह बाद भी पुलिस टीमें लूट के मुख्य आरोपी कंटेनर के सुरक्षाकर्मी मोहम्मद वारिश को नहीं पकड़ सकी है।

- यह है मामला

दरअसल 14-15 अगस्त को झांसी-लखनादौन नेशनल हाइवे-44 पर आइफोन से भरा कंटेनर लूटा गया था। बदमाशों ने कंटेनर चालक को बंधक बनाया और कुल 3980 में से लगभग 1600 मोबाइल लूटकर भाग गए थे। लूटे गए इन मोबाइल की कीमत करीब 12 करोड़ रुपए बताई जा रही है। वारदात के बाद लापरवाही बरतने पर बांदरी थाना प्रभारी व एएसआई को लाइन हाजिर करते हुए एक प्रधान आरक्षक को निलंबित करने की कार्रवाई भी की गई है।

- फोकस खरीदने वालों पर

हमारा फोकस उन फुटकर मोबाइल व्यापारियों और लोगों पर है जो चोरी/लूट के मोबाइल की खरीदी-बिक्री में लिप्त हैं। ऐसे कुछ लोगों को जांच के दौरान चिन्हित भी किया गया है। हरियाणा पुलिस के सहयोग से आरोपियों की तलाश की जा रही है।

प्रमोद कुमार वर्मा, आइजी, सागर

Also Read
View All

अगली खबर