39 लग्जरी कार ठगी के मास्टरमाइंड अभय सिंह भदौरिया की करतूतें उजागर
39 लग्जरी कार ठगी के मास्टरमाइंड अभय सिंह भदौरिया की करतूतें उजागर
ग्वालियर। एनएचएआई में गाड़ियां किराए पर लगाने के नाम पर 39 लग्जरी कारों की ठगी करने वाले मास्टरमाइंड अभय सिंह भदौरिया की धोखाधड़ी की परतें लगातार खुलती जा रही हैं। ट्रैवल्स कारोबारियों के अलावा अभय ने एक सिक्योरिटी कंपनी संचालक से 1 करोड़ 63 लाख रुपये और शादी का भरोसा देकर एक युवती से 9 लाख रुपये की ठगी की। हैरानी की बात यह है कि शिकायतें और स्वीकारोक्ति सामने आने के बावजूद अब तक किसी भी मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
वारंटी होने के बाद भी कार्रवाई नहीं
पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस रिकॉर्ड में अभय सिंह वारंटी होने के बावजूद उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। ठगी में उसके पिता अरविंद भदौरिया की भूमिका भी सामने आई है। दोनों ने महाराजपुरा थाने में पुलिस और कैमरे के सामने रकम लौटाने की हामी भरी थी, लेकिन थाने से बाहर निकलते ही मुकर गए। इसके बाद पुलिस ने पीड़ितों की शिकायतों पर ध्यान देना बंद कर दिया।
सिक्योरिटी कंपनी से 1.63 करोड़ का गबन
बीएसएफ कॉलोनी निवासी और सेना से सेवानिवृत्त बृजेश सिंह चौहान “बृजेश सिक्योरिटी” नाम से कंपनी संचालित करते हैं। करीब दो साल पहले अभय उनकी कंपनी में फील्ड ऑफिसर था। उसे मैनपावर सप्लाई और भुगतान वसूली की जिम्मेदारी दी गई थी।
आरोप है कि अभय ने फर्जी रसीदें दिखाकर 1 करोड़ 63 लाख 96 हजार रुपये की राशि हड़प ली। 10 अक्टूबर 2024 को रकम लौटाने का एफिडेविट देने के बावजूद आज तक पैसा वापस नहीं किया गया।
शादी का झांसा देकर युवती से ठगी
अभय की गिरफ्तारी की खबर के बाद ग्वालियर की एक युवती क्राइम ब्रांच पहुंची और खुद को भी ठगी का शिकार बताया। पीड़िता के अनुसार अभय ने शादी का भरोसा देकर उससे 9 लाख रुपये ले लिए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता और भाई की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है और वह लगातार पुलिस से गुहार लगा रही है, लेकिन अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई।