समाचार

अवैध डामर प्लांट पर चला प्रशासन का बुलडोजर

इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे से सटे फूलमाल क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित डामर प्लांट पर सोमवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया।

less than 1 minute read
Feb 02, 2026
फूलमाल क्षेत्र में सरकारी जमीन पर चल रहा था प्लांट, 6 हजार लीटर से अधिक डामर नष्ट

झाबुआ. इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे से सटे फूलमाल क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित डामर प्लांट पर सोमवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान 6 हजार लीटर से अधिक डामर नष्ट किया गया। यह प्लांट बिना अनुमति के सरकारी जमीन पर संचालित किया जा रहा था। प्रशासन को फूलमाल चौराहे के समीप नेशनल हाईवे किनारे करीब 2400 वर्गफीट क्षेत्र में अवैध डामर प्लांट संचालन की शिकायत मिली थी। जांच में पाया गया कि आवासीय मकान के पीछे सरकारी भूमि पर बिना किसी वैधानिक अनुमति के प्लांट संचालित किया जा रहा था। इसके बाद राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

टैंकर व सामग्री जब्त

कार्रवाई के दौरान मौके से एक बिना नंबर का बड़ा टैंकर जब्त किया गया, जिसमें बड़ी मात्रा में डामर भरा हुआ था। प्रशासन ने मौके पर ही डामर को नष्ट कराया तथा प्लांट से संबंधित अन्य सामग्री जब्त कर पुलिस थाना झाबुआ भेजी। कार्रवाई के समय प्लांट स्थल पर मोहनलाल पिता मांगीलाल निवासी हातोद तथा अर्जुन राजपूत निवासी शाजापुर मौजूद मिले। पूछताछ में उन्होंने बताया कि डामर प्लांट का संचालन महेश पिता अमरसिंह गारी निवासी पिटोल द्वारा किया जा रहा है।

पहले भी दी गई थी चेतावनी

तहसीलदार सुनील डावर ने बताया कि संबंधित संचालकों पर पूर्व में भी अवैध संचालन को लेकर जुर्माना लगाया गया था और प्लांट हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद आदेशों की अनदेखी कर लगातार संचालन किया जा रहा था। प्रशासन ने मौके पर विधिवत पंचनामा तैयार कर अतिक्रमण हटाने और सामग्री जब्ती की कार्रवाई पूर्ण की। इस कड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों में हडक़ंप मच गया है।

Updated on:
02 Feb 2026 07:53 pm
Published on:
02 Feb 2026 07:52 pm
Also Read
View All

अगली खबर