समाचार

युवाओं के बैंक खाते बने साइबर ठगों की ‘तिजोरी’ प्रदेश में 4,086 तो ग्वालियर जोन में 101 खाते संदिग्ध मिले

साइबर ठगी का खेल अब केवल लोगों के खाते खाली करने तक सीमित नहीं है। ठगों ने बैंक खातों को ही अपराध का रास्ता बना दिया है। बेरोजगार और आर्थिक रूप से परेशान युवाओं को मिनटों में बिना गारंटी लोन दिलाने का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए जा रहे हैं। बाद में इन्हीं खातों में ठगी की रकम जमा कराकर उन्हें कई स्तरों पर ट्रांसफर किया जाता है।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 5:50 PM IST
fraudsters
fraudsters

ग्वालियर. साइबर ठगी का खेल अब केवल लोगों के खाते खाली करने तक सीमित नहीं है। ठगों ने बैंक खातों को ही अपराध का रास्ता बना दिया है। बेरोजगार और आर्थिक रूप से परेशान युवाओं को मिनटों में बिना गारंटी लोन दिलाने का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए जा रहे हैं। बाद में इन्हीं खातों में ठगी की रकम जमा कराकर उन्हें कई स्तरों पर ट्रांसफर किया जाता है। पुलिस की ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 कार्रवाई में मध्यप्रदेश में ऐसे 4,086 म्यूल अकाउंट चिन्हित किए गए हैं। इनमें ग्वालियर जोन के 101 खाते शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधियों ने ठगी की रकम को छिपाने और आगे पहुंचाने के लिए किया।

ऐसे बनते हैं म्यूल अकाउंट
साइबर ठग सीधे बैंकिंग सिस्टम को निशाना बनाने के बजाय आम लोगों को मोहरा बनाते हैं। उनका तरीका कुछ इस तरह होता है—
-बिना गारंटी और कम ब्याज पर तत्काल लोन का लालच देना।
-आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो और मोबाइल नंबर लेना।
-लोन प्रक्रिया के नाम पर बैंकिंग दस्तावेज और ओटीपी हासिल करना।
-फर्जी फाइनेंस कंपनी या लोन एजेंट बनकर खाता खुलवाना।
-कमीशन या एकमुश्त रकम के बदले पहले से खुले खाते का इस्तेमाल करना।
-कई मामलों में खाताधारक को बताया तक नहीं जाता कि उसके खाते में आने वाली रकम साइबर ठगी से जुड़ी है। जब पुलिस का नोटिस पहुंचता है, तब उसे खाते के दुरुपयोग का पता चलता है।

ठगी की रकम से क्रिप्टोकरेंसी तक
राज्य साइबर सेल के अनुसार, ठगी की रकम पहले म्यूल खातों में जमा होती है। इसके बाद उसे कई बैंक खातों में ट्रांसफर कर उसकी मूल पहचान छिपाई जाती है। अंत में ट्रस्ट वॉलेट जैसे डिजिटल माध्यमों के जरिए रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर नेटवर्क के संचालकों तक पहुंचाने की आशंका है। पुलिस इन लेन-देन और डिजिटल वॉलेट की जांच कर रही है।

12,401 खातों की जांच में भी मिले थे सुराग
अगस्त 2026 में राज्य साइबर पुलिस ने 122 दिन की जांच के दौरान 12,401 म्यूल खाते चिन्हित किए थे। पुलिस के अनुसार, इन खातों में साइबर ठगों की करीब तीन करोड़ रुपए से अधिक की रकम ट्रांसफर होने के संकेत मिले थे। इनमें करीब 70 प्रतिशत खाते ग्वालियर-चंबल क्षेत्र से जुड़े बताए गए।

एक्सपर्ट व्यू
साइबर ठग लोगों की आर्थिक जरूरतों का फायदा उठाकर उन्हें आसान लोन दिलाने का झांसा देते हैं। इसके बाद जरूरतमंदों और बेरोजगारों के बैंक खाते खुलवाकर ठगी में इस्तेमाल करते हैं। कुछ लोगों से कमीशन या एकमुश्त रकम देकर खाते खरीदते हैं। ऐसे खातों को म्यूल खाते कहा जाता है। पुलिस ने कई खातों की पहचान की है और इस कारोबार में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही है। लोग अपने बैंक खाते किसी दूसरे को इस्तेमाल नहीं करने दें।
संजीव नयन शर्मा, डीएसपी, राज्य साइबर सेल, ग्वालियर

Updated on:
21 Nov 2026, 5:50 PM IST
Published on: