समाचार

पत्नी का चाकू से गला काटकर ली जान, आपसी विवाद के बाद पति ने उठाया खतरनाक कदम

Crime News: हैदराबाद के किशन बाग में एक 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई है। पुलिस के अनुसार महिला के पति ने चाकू से उसका गला काटकर उसकी जान ली है। घटना के बाद से पति फरार है और पुलिस उसकी तलाशी कर रही है।

2 min read
Husband Allegedly stabbed wife to death
पति ने चाकू मारकर ली पत्नी की जान (फोटो- Shakeel Yasar Ullah एक्स पोस्ट)

Crime News: हैदराबाद के किशन बाग इलाके में रविवार को एक 28 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आने के बाद सनसनी मच गई। पुलिस के अनुसार घरेलू विवाद के बाद महिला के पति ने उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान निशाथ बेगम उर्फ निशात फातिमा के रूप में हुई है। फातिमा की साल 2016 में सुलेमान से शादी हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर लड़ाई झगड़ा हुआ करता था। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि घटना वाले दिन भी दोनों के बीच बहस हुई जिसके बाद सुलेमान ने निशात पर चाकू से हमला करके उसका गला काट दिया और मौके से फरार हो गया।

कुछ साल पहले निशात ने सुलेमान के खिलाफ की थी शिकायत

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक निशात और सुलेमान के बीच अक्सर घरेलू मामलों को लेकर झगड़े होते थे। कुछ वर्ष पहले महिला ने अपने पति के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया था। बाद में दोनों परिवारों की बातचीत के बाद समझौता हो गया था और दंपति साथ रहने लगे थे। रविवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। जांच टीम को शक है कि गुस्से में आकर सुलेमान ने पत्नी पर हमला किया। पुलिस ने घर से सबूत जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

निशाथ ने फोन नहीं उठाया तो मां और बहन को हुआ शक

घटना का खुलासा तब हुआ जब निशाथ की मां और बहन ने रविवार को उसे कई बार फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संपर्क नहीं होने पर उसकी बहन घर पहुंची। वहां उसने निशाथ को फर्श पर मृत हालत में देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है और पुलिस आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार आरोपी तक पहुंचा जा सके।

पुलिस कर रही मामले की जांच

फलकनुमा एसीपी एम ए जावीद ने बताया कि दंपति के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा कि हमें शक है कि झगड़े के बाद पति ने गुस्से में पत्नी पर चाकू से हमला किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। रिश्तेदारों और पडोसियों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जानकारी सामने आ सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Published on:
08 Jun 2026 11:57 am