चेचट (कोटा). थाना क्षेत्र के सालेड़ा कलां गांव के जंगल में शुक्रवार को एक 36 वर्षीय युवक का चार-पांच दिन पुराना शव नग्न अवस्था में मिला। पास में ही बाइक पर उसके कपड़े, मोबाइल व अन्य सामान रखा था। मृतक की शिनाख्त राईखेड़ा गांव निवासी कमलेश मीणा के रूप में हुई है, जो पिछले चार-पांच […]
चेचट (कोटा). थाना क्षेत्र के सालेड़ा कलां गांव के जंगल में शुक्रवार को एक 36 वर्षीय युवक का चार-पांच दिन पुराना शव नग्न अवस्था में मिला। पास में ही बाइक पर उसके कपड़े, मोबाइल व अन्य सामान रखा था। मृतक की शिनाख्त राईखेड़ा गांव निवासी कमलेश मीणा के रूप में हुई है, जो पिछले चार-पांच दिनों से लापता था। परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताते हुए आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। मृतक 8-10 सालों से खदान में डम्पर चला रहा था।
लावारिस बाइक से खुला राज
पुलिस के अनुसार मृतक कमलेश मीणा (36) पुत्र भैरूलाल मीणा 17 मार्च से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने चेचट थाने में दर्ज करवा रखी थी। शुक्रवार सुबह जब राईखेड़ा निवासी गिरधारीलाल मीणा अपने खेत पर जा रहा था, तभी उसे वहां रास्ते में एक लावारिस बाइक खड़ी मिली। गिरधारीलाल ने परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों और परिजनों ने बाइक की पहचान करने के बाद जब आसपास तलाशी ली गई, तो झाड़ियों में कमलेश का शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला। शव 4-5 दिन पुराना है। बाइक पर ही मृतक के कपड़े और मोबाइल व अन्य सामान रखे मिले।
परिजनों का आरोप ‘यह सोची-समझी हत्या है’
मृतक के भाई सुरेश मीणा और अन्य परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में कमलेश की हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने ढाबादेह निवासी गीता बंजारा, उसके पति मोरपाल बंजारा व अन्य साथियों पर संदेह जताया है। बताया जा रहा है कि कमलेश को अंतिम बार ढाबादेह में ही देखा था।