समाचार

वाहन मार्केट में त्योहार के ऑफर, इलेक्ट्रिक व्हीकल का नया एज शुरू, एडवांस बुकिंग से बाजार में उत्साह

ऑटोमोबाइल बाजार में भी जमकर धन बरसेगा। पुष्य नक्षत्र, धनतेरस व दीपावली पर करीब 2 हजार बाइकों की बिक्री होनी है। शुभ मुहूर्त के लिए बाइकों की एड़वांस बुकिंग हो गई है।

3 min read
Oct 21, 2024
इलेक्ट्रिक व्हीकल का बाजार सजा

छतरपुर. ऑटोमोबाइल बाजार में भी जमकर धन बरसेगा। पुष्य नक्षत्र, धनतेरस व दीपावली पर करीब 2 हजार बाइकों की बिक्री होनी है। शुभ मुहूर्त के लिए बाइकों की एड़वांस बुकिंग हो गई है। लोग 14 करोड़ की बाइके ं खरीदेंगी। वहीं 250 कारों की एडवांस बुकिंग है, जिससे 20 करोड़ का धन बाजार में बरसेगा। दो व चार पहिया वाहनों की एडवांस बुकिंग अभी भी जारी है। वहीं, कमर्शियल वाहनों की भी बुकिंग लोगों ने की है। वाहनों के बाजार में भी ऑफर्स दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही सरकारी कर्मचारियों को हर मॉडल में विशेष छूट डीलरों द्वारा दी जा रही है। वाहनों के नए-नए मॉडल पर आर्कषक गिफ्ट भी कंपनियां दे रहीं हैं।

इलेक्ट्रिक व्हीकल सिटी राइड के लिए पहली पसंद बन रहे


इलेक्ट्रिक व्हीकल की बैटरी और तकनीकि अपडेट हो गई है। नए एज के इलेक्ट्रिक व्हीकल न केवल प्रदूषण रोकने में कारगर है। बल्कि सुविधाजनक फीचर के साथ लोगों के लिए सिटी राइड की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। पेट्रोल स्कूटर की तुलना में इलेक्ट्रिक स्कूटर को आसानी से मेंटेन किया जा सकता है. दरअसल, बैटरी से चलने वाले स्कूटर में काफी कम पाट्र्स होते हैं। इसलिए इनकी रिपेयरिंग और मेंटेनेंस में ज्यादा झंझट नहीं रहता है। रेगुलर सर्विस के लिए भी ज्यादा पैसे खर्च नहीं करने पड़ते. वहीं, कम पाट्र्स होने से स्कूटर भी कम खराब होते हैं। इलेक्ट्रिक स्कूटर में दो तरह की बैटरी फिक्स्ड और रिमूवेबल आती है। रोजाना 20-30किलोमीटर का सफर करते हैं तो फिक्स्ड बैटरी काम कर जाएगी। अगर इससे ज्यादा यानि 30 से 50 किलोमीटर चलने की जरूरत है तो रिमूवेबल बैटरी वाले स्कूटर चुनना सही रहेगा।

कमर्शियल वाहनों की भी बुकिंग


पुष्य नक्षत्र और धनतेरस पर कमर्शियल वाहनों की बुकिंग भी की गई है। 50 छोटे- बड़े कमर्शियल वाहनों की बुकिंग विभिन्न कंपनियों के डीलरों के पास हुई है। खासतौर पर छोटे मालवाहकों की बुकिंग सबसे ज्यादा हुई है। 7 करोड़ के कमर्शियल वाहनों की बिक्री होना है। टाटा डीलर उत्कर्ष आनंद का कहना है कि वाहनों की बुकिंग हुई है। लोग शुभ मुहूर्त पर वाहनों की खरीदी के लिए तैयार है। उन्होंने एडवांस बुकिंग कराई है।

इलेक्ट्रिक व्हीकल की भी बुकिंग


पेट्रोल के दाम बढऩे से बाजार में अब इलेक्ट्रिक व्हीकल की मांग बढ़ी है। खासतौर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी लोगों की पसंद बनी हुई है। इलेक्ट्रिक स्कूटी डीलर बजीर बारसी का कहना है कि पुष्य नक्षत्र, धनतेरस और दीपावली के लिए लोगों ने वाहनों की एडवांस बुकिंग कराई है। कंपनी की ओर से वारंटी के ऑफर अलग-अलग मॉडल पर दिए जा रहे हैं। करीब 200 वाहनों की एडवांस बुकिंग है। अनुमानित रुप से 300 से ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटी त्योहार में बिकने की संभावना है। डीलर सकुलकुल जैन का कहना है कि पुष्य नक्षत्र पर 20 और धनतेरस पर 30 गाड़ी की बुकिंग है और अभी तक फेस्टिवल सीजन में 200 गाड़ी बिक चुकी हैं।

ऑन लाइन बाजार में ठगी की आशंका, इसलिए शहर का बाजार पहली पसंद


भारी छूट के चक्कर में ई कॉमर्स वेबसाइटों पर भी बड़े पैमाने पर खरीददारी हो रही है। कपड़ों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान तक के लिए ऑफरों की भरमार आने वाली है। स्पेशल सेल भी विभिन्न वेबसाइटों पर लगाए गए हैं। ख्याल रखने की बात यह है कि भारी छूट का झांसे में आप कहीं किसी फर्जी वेबसाइट पर लुट न जाएं। दरअसल त्योहारों के इस दौर में फर्जी वेबसाइट और फर्जी ऑफर की भी भरमार है जो साइबर ठगी में माहिर हैं। क्लोन वेबसाइट भी आपको शिकार बना सकती हैं। त्योहारों के इस मौसम में फर्जी वेबसाइट भी सक्रिय हैं, जिनके नाम नामी-गिरामी ई-कॉमर्स कंपनी से मिलते-जुलते हैं। इनके होमपेज भी बड़ी वेबसाइट से मेल खाते हैं। इन फर्जी वेबसाइट पर ज्यादातर उन लोगों को शिकार बनाया जाता है जो जल्दबाजी में खरीददारी करना चाहते हैं या फिर पहली बार ऑनलाइन खरीददारी में हाथ आजमाना चाहते हैं।

Published on:
21 Oct 2024 10:34 am
Also Read
View All

अगली खबर