टीम कुंदुल जंगल में चला रही थी स्पेशल ऑपरेशन
बालाघाट. रूपझर थाना क्षेत्र के ग्राम दुगलई से लगे कुंदुल जंगल में हॉकफोर्स की टीम व नक्सलियों में रविवार को मुठभेड़ हो गई। नक्सलियों की गोली से एक आरक्षक घायल हो गया। घायल आरक्षक को उसके साथियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र किरनापुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे महाराष्ट्र राज्य के गोंदिया रैफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार रूपझर थाना क्षेत्र स्थित सोनगुड्डा पुलिस चौकी के कुंदुल जंगल क्षेत्र में हॉकफोर्स की टीम नक्सल विरोधी अभियान के तहत स्पेशल ऑपरेशन चला रही थी। ऑपरेशन के दौरान पुलिस पार्टी हॉकफोर्स एसओजी उकवा का कुंदुल पहाड़ी जंगल क्षेत्र में १२ से १५ सशस्त्र वर्दीधारी नक्सलियों से आमना-सामना हो गया। नक्सलियों ने पुलिस को देखते ही उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी नक्सलियों पर जवाबी फायरिंग किया। मुठभेड़ में हॉकफोर्स के आरक्षक शिवकुमार शर्मा को गोली लग गई। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल आरक्षक को उपचार के लिए किरनापुर लाया गया। इसके बाद उसे गोंदिया रैफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई से नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भाग गए। उपरोक्त घटना पर थाना रूपझर में नक्सलियों के विरुद्ध संबंधित धाराओ में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। भागे हुए नक्सलियों को पकडऩे के लिए बड़ी संख्या में जवान क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों की टीम जिला मुख्यालय से घटना स्थल के लिए रवाना हो गई है। ००००००
18:38
आरक्षक की हालत गंभीर
पुलिस नक्सली मुठभेड़ में घायल आरक्षक शिवकुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र किरनापुर में प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोंदिया रैफर किया गया है। आरक्षक के स्वास्थ्य की जानकारी जिला मुख्यालय सहित प्रदेश के आलाधिकारी ले रहे हैं। गोंदिया में यदि आरक्षक की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ तो उसको नागपुर रैफर किया जाएगा।
19:01
मप्र शासन नक्सलवाद खात्मे के लिए प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री
- जंगल में १० सशस्त्र टीमों ने शुरू किया सर्चिंग अभियान बालाघाट. रूपझर थाना क्षेत्र के ग्राम दुगलई से लगे कुंदुल जंगल में हॉकफोर्स के आरक्षक की नक्सलियों से हुए मुठभेड़ में घायल होने के बाद महकमा अर्लट हो गया है। पुलिस की १० सशस्त्र टीमों ने जंगल में सर्चिंग अभियान बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ट्विट कर मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई के दौरान आरक्षक के घायल होने की जानकारी दी है। कहा है कि उनके इलाज का सारा खर्चा सरकार उठाएगी। उन्होंने कहा कि मप्र शासन नक्सलवाद के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध है। इस घटना के बाद पुलिस की १० सशस्त्र टीम उक्त जंगल क्षेत्र में सर्चिंग एवं काम्बिंग अभियान चला रही है। नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई और नक्सलवादियों पर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक नगेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर में नक्सलियों से मुठभेड़ हुआ था। घायल आरक्षक मुरैना का निवासी है। उसका उपचार चल रहा है।