
How Much Walking After Sitting: आजकल काम की वजह से कई लोगों को लंबे समय तक कुर्सी पर बैठकर काम करना पड़ता है। लगातार कई घंटे बैठे रहना सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति दिन में करीब 8 घंटे या उससे ज्यादा बैठता है, तो इसका उसकी सेहत पर क्या असर पड़ सकता है? जानते हैं, इस बारे में रिसर्च क्या कहती है?
हार्वर्ड हेल्थ पब्लिशिंग (Harvard Health Publishing) पर पोस्ट की गई एक अध्ययन रिपोर्ट के अनुसार जो लोग दिन में 8 घंटे से ज्यादा बैठते हैं, उनके लिए रोजाना 60 से 75 मिनट की मध्यम स्तर की शारीरिक गतिविधि फायदेमंद पाई गई। इसमें तेज चलना और साइकिल चलाना जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
नेशनल इंस्टीट्यूट्स ऑफ हेल्थ (NIH) की एक रिपोर्ट में करीब 8,000 लोगों पर किए गए एक अध्ययन की जानकारी दी गई है। इसमें 45 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों की शारीरिक गतिविधि को करीब एक सप्ताह तक मॉनिटर किया गया था। अध्ययन में पाया गया कि लंबे समय तक बैठे रहने वाले लोगों द्वारा हल्की शारीरिक गतिविधि किए जाने पर उन्हें इसका लाभ मिल रहा है।
इस अध्ययन में पाया गया कि लंबे वक्त तक लगातार बैठे रहने वाले लोग अगर इस बीच 30 मिनट की हल्की शारीरिक गतिविधि भी कर लेते थे तो ऐसा नहीं करने वालों की तुलना में उनकी मृत्यु के जोखिम में करीब 17 प्रतिशत की कमी देखने को मिली। अगर शारीरिक गतिविधि मध्यम या तीव्र स्तर की हो तो यह कमी करीब 35 प्रतिशत तक दर्ज की गई।
सिर्फ दिन में एक बार एक्सरसाइज कर लेना ही काफी नहीं है। अगर आपका काम कई घंटे बैठकर करने वाला है तो बीच-बीच में उठकर थोड़ा चलना भी अच्छा विकल्प हो सकता है। हार्वर्ड हेल्थ पब्लिशिंग के एक अध्ययन में 11 लोगों को 8 घंटे बैठाया गया। अलग-अलग दिनों में उन्हें बैठने के दौरान अलग अलग-समय पर थोड़ी देर चलने के लिए कहा गया। इसमें हर 30 मिनट बैठने के बाद 5 मिनट हल्की वॉक करने पर ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर में सबसे अच्छा सुधार देखा गया। पूरे 8 घंटे लगातार बैठे रहने की तुलना में बैठने के बीच थोड़ी देर चलना बेहतर पाया गया।
हार्वर्ड हेल्थ पब्लिशिंग (Harvard Health Publishing) पर पोस्ट के रिपोर्ट के अनुसार हर 30 मिनट बैठने के बाद 5 मिनट हल्की वॉक करने वाले लोगों में ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर में बेहतर सुधार देखा गया। दूसरे वॉक ब्रेक वाले तरीकों में भी सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर में करीब 4 से 5 अंक की कमी देखी गई।
अगर आप दिन में करीब 8 घंटे या उससे ज्यादा बैठते हैं तो हार्वर्ड हेल्थ पब्लिशिंग के अनुसार 60 से 75 मिनट की मध्यम स्तर की शारीरिक गतिविधि महत्वपूर्ण हो सकती है। इसके साथ ही लगातार कई घंटे बैठे रहने के बजाय बीच-बीच में उठकर चलना भी मददगार हो सकता है।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।