
The Hundred 2026: द हंड्रेड 2026 के 28वें मुकाबले में बर्मिंघम फोनिक्स को हराकर लंदन स्पिरिट ने अपनी दूसरी जीत दर्ज की। हालांकि, इस जीत के बावजूद वे प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुके हैं। लॉर्ड्स में खेले गए इस मुकाबले में लंदन स्पिरिट्क कप्तान लियम लिविंगस्टन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बर्मिंघम ने 100 गेंदों में 4 विकेट गंवाकर 162 रन बनाए। 163 रन के लक्ष्य को लंदन स्पिरिट ने 82 गेंद में ही 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
बर्मिंघम फोनिक्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मिचेल ओवेन, जो वेदरले और लोरी इवान्स दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। हालांकि, जो क्लार्क ने एक छोर संभाले रखा और 42 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने चार चौके और पांच छक्के लगाए। वहीं, सीन डिक्सन ने भी 28 गेंदों में 51 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल थे। कप्तान डेनोवन फेरेरा ने 5 गेंदों में 14 रन बनाकर टीम को 160 के पार पहुंचा दिया।
163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लंदन स्पिरिट की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। लुआन-ड्रे प्रिटोरियस 16 और जॉनी बेयरस्टो 10 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान लियम लिविंगस्टन ने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। लिविंगस्टन ने 30 गेंदों में 66 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उन्होंने 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं ब्रेविस 31 गेंदों में 55 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिला दी।
आपको बता दें कि 'द हंड्रेड' लीग में सिर्फ ट्रेंट रॉकेट्स ने ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया है, जबकि साउदर्न ब्रेव, बर्मिंघम फोनिक्स और लंदन स्पिरिट्स की टीमें प्लेऑफ की रेस से पूरी तरह बाहर हो चुकी हैं। द हंड्रेड लीग में सिर्फ 3 टीमें ही प्लेऑफ्स में जगह बनाती हैं। लीग मुकाबलों के बाद टॉप पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा और जीतने वाली टीम फाइनल में जगह बनाती है।