समाचार

खबर का असर: दो जगह छापेमारी में मिला 357 बोरी नकली डीएपी, पैकिंग के लिए रखी खाली बोरियां, सिलाई मशीन भी पकड़ाई

60 बोरी कच्चा माल, 1000 से अधिक खाली बोरी, पैकेजिंग और सिलाई की मशीनें जब्त की। वहीं, मंगलवार की दोपहर दूसरी कार्रवाई करते हुए इसी टीम ने चंद्रपुरा में नकली खाद का 300 बोरी का स्टॉक जब्त किया गया है।
2 min read
Sep 24, 2025
fake dap
नकली डीएपी

जिले में नकली खाद के कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई हुई है। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के खौप गांव और छतरपुर शहर के पास चंद्रपुरा औद्योगिक क्षेत्र के पास एक मकान में छापेमारी कर 357 बोरी नकली डीएपी पकड़ी है। पहली कार्रवाई खौप गांव स्थित वेयरहाउस में हुई, जहां पर छापेमारी में 57 बोरी नई पैकिंग में नकली डीएपी खाद, लगभग 60 बोरी कच्चा माल, 1000 से अधिक खाली बोरी, पैकेजिंग और सिलाई की मशीनें जब्त की। वहीं, मंगलवार की दोपहर दूसरी कार्रवाई करते हुए इसी टीम ने चंद्रपुरा में नकली खाद का 300 बोरी का स्टॉक जब्त किया गया है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की जा रही है।

खौंप में रात में छापेमारी

एसडीएम अखिल राठौर के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस, कृषि विभाग और पंचायत कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने खौंप गांव के गोदाम में सोमवार की आधी रात छापेमारी की और नकली खाद मिलने पर गोदाम को सील कर दिया और मामले में संचालक आदित्य पुत्र रामनारायण पाठक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

खेतों में संकट और किसानों की परेशानी

जिले में खाद की कमी और कालाबाजारी को लेकर किसान पिछले काफी समय से परेशान हैं। पिछले साल भी उत्तर प्रदेश से बड़ी मात्रा में नकली खाद जिले में बेची गई थी, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इस साल भी किसानों को नकली खाद बेची जा रही है। इस संबंध में पत्रिका ने 11 सिंतबर के अंक में प्रमुखता से प्रशासन व किसानों को सर्तक किया, जिसके बाद प्रशासन की टीम लगातार नकली खाद के कारोबार पर नजर रखे थी, जिसके चलते उन्हें सफलता मिली है।

आईपीएल के नाम पर नकली खाद की पैकिंग

जांच में यह भी सामने आया कि वेयरहाउस में आईपीएल कंपनी के नाम का इस्तेमाल कर नकली पैकिंग की जा रही थी। इससे स्पष्ट होता है कि यह कार्य योजनाबद्ध और संगठित तरीके से किया जा रहा था। मौके पर मौजूद स्टॉक को पुलिस की निगरानी में रखा गया और पूरे वेयरहाउस को सील कर दिया गया।

आगे की कार्रवाई

एसडीएम अखिल राठौर ने बताया कि टीम गठित कर पूरी जांच की जा रही है। मिली जानकारी के आधार पर गोदाम सील कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, एफआईआर दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
24 Sept 2025 10:42 am