-राजीव कांग्रेस भवन में यात्रा को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक
भाजपा के राज में आर्थिक रूप से टूट रहे किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस 20 सितम्बर को न्याय यात्रा निकालने जा रही है। पिछले 20 वर्षों की भाजपा सरकार ने किसानों से जितने भी वादे किए, उनमें से एक भी पूरे नहीं किए। ऐसे विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस सरकार को जगाएगी।
गुरुवार को स्थानीय राजीव कांग्रेस भवन में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहे। किसानों की आर्थिक परेशानियों, बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि, खस्ताहाल सडक़ें, महिलाओं से दुराचार, अजा, अजजा, अल्पसंख्यक वर्गों पर अत्याचार सहित अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर 20 सितम्बर को जिला मुख्यालय पर किसान न्याय यात्रा निकाली जाएगी। नेताओं ने कहा कि छिंदवाड़ा जिला मुख्य रूप से कृषि आधारित जिला है। यहां की सम्पूर्ण अर्थव्यवस्था कृषि पर निर्भर है। किसान सोयाबीन व मक्का फसल का सर्वाधिक उत्पादन लेते हैं। बीते 13 वर्षों से वर्ष 2011 से 2024 तक किसान सोयाबीन को एक ही मूल्य पर बेच रहा है। जबकि कृषि की लागत दोगुने से भी अधिक हो चुकी है। इसी तरह बढ़ी हुई बिजली दरों को चुकाने के उपरांत सिंचाई के समय किसानों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी और आनंद बक्षी समेत अन्य उपस्थित हुए।
चंदनगांव निवासी नकुल पाटनकर के सडक़ हादसे में घायल होने पर कांग्रेस नेता कमलनाथ और नकुलनाथ आगे आए और 50 हजार रुपए की मदद की। छह सितम्बर को चंदनगांव निवासी 16 वर्षीय नकुल नागपुर रोड स्थित चंदनगांव पावर हाउस के समीप सडक़ हादसे का शिकार हुआ था। इसमें गम्भीर रूप से घायल हो गया था। प्राथमिक उपचार के उपरांत उसे नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। नकुल पाटनकर फ्लावर डेकोरेशन का काम कर स्वयं व अपनी बहन के साथ ही दादी की जिम्मेदारी का वहन कर रहा था। आर्थिक रूप से कमजोर होने के चलते आगे के इलाज के लिए सक्षम नहीं था। पर्याप्त राशि नहीं होने की सूचना मिलने पर कमलनाथ व नकुलनाथ ने आर्थिक सहायता दी। साथ ही हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।