- बढ़े शुल्क एवं दस्तावेजी कार्रवाई अधिक होने के कारण पंजीयन से बचते हैं हम्माल
कृषि उपज मंडी में काम करने वाले हम्मालों के लिए भी उनका लाइसेंस जारी होता है, इस लाइसेंस के माध्यम से ही वे मंडी के हम्माल के रूप में पंजीकृत होते हैं, फिलहाल मंडी में करीब 1100 हम्माल पंजीकृत हैं, जबकि सीजन के दिनों में काम करने वाले हम्माल 3000 से भी अधिक हो जाते हैं।
पंजीयन नहीं होने से हम्मालों को मंडी बोर्ड से मिलने वाली कुछ योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पाता है। दरअसल कभी 10 से 20 रुपए तक हो जाने वाले इस पंजीयन में अब तीन सौ से पांच सौ रुपए तक खर्च होते हैं, इसके अलावा पंजीयन के लिए ऑनलाइन कियोस्क सेंटर से लेकर थाना, या कचहरी का चक्कर अलग से लगाना पड़ता है। इस सब प्रक्रिया के कारण काफी संख्या में हम्माल पंजीयन करवाने से बच रहे हैं।
वर्तमान प्रक्रिया ऑनलाइन कियोस्क सेंटर पर होती है, जिसमें श्रमिक साढ़े 350 रुपए मंडी बोर्ड के शुल्क को चुकता कर, पुलिस सत्यापन के दस्तावेज अपलोड करने के साथ अपने आधार, बैंक पासबुक, समग्र आईडी, दो फोटो अपलोड करवाता है, उसके बाद मंडी बोर्ड की साइट में उसका आवेदन दिखने लगता है, जिसे मंडी अधिकारी सत्यापन कर अपने डिजिटल हस्ताक्षर से एक प्रपत्र उसे देते हैं।
कई श्रमिक नियमित रूप से मंडी में हम्माली करते हैं, तो कुछ सीजन में मंडी आते हैं, वे अक्सर पंजीयन करवाने से बचते हैं, जबकि आनलाइन आवेदन कभी भी करके मंडी के पंजीकृत हम्माल के रूप में कार्य कर सकते हैं।
- सुरेश कुमार परते, सचिव कृषि उपज मंडी कुसमेली
मंडी में शिविर लगाने की जरूरत है, मंडी कार्यरत हम्मालों के नवीनीकरण से लेकर नए पंजीयन करवाने के लिए व्यापारी संघ पूरी तरह सहयोग करेगा। प्रबंधन इसकी पहल करे। मंडी परिसर में काम करने वाले सभी हम्मालों का पंजीकरण आवश्यक है।
- प्रतीक शुक्ला, अध्यक्ष छिंदवाड़ा अनाज व्यापारी संघ
करीब 11 सौ हम्माल पंजीकृत हैं, जबकि सीजन में ढाई से तीन हजार हम्माल काम करने मंडी आ जाते हैं, पुलिस सत्यापन के अलावा नोटरी शपथपत्र के दस्तावेज भी स्वीकार कर पंजीयन हो जाता है, खर्च एवं समय अधिक लगने से हम्माल पंजीयन से बचते हैं।
- अनिल उइके, हम्माल प्रतिनिधि
-25 तुलावटी पंजीकृत हैं, 40 काम कर रहे हैं, 11 सौ हम्माल पंजीकृत हैं, जबकि दोगुने काम करने मंडी पहुंचते हैं, मंडी प्रबंधन को इसके लिए गंभीरता से पहल करनी होगी। तभी सभी का पंजीयन होगा, बिना पंजीयन मंडी में हम्माली अवैध है।
- सुनील डेहरिया, तुलावटी प्रतिनिधि