राजस्थान के साथ गुजरात और मध्य प्रदेश में भी विक्षोभ का असर, तीन दिन छाए रहेंगे बादल, 2 डिग्री से. तक तापमान में भी होगी गिरावट, सुबह-शाम महसूस होगी गुलाबी सर्दी, मौसम विभाग ने नहीं जताई बारिश की संभावना
वागड़ में अगले तीन दिन बादल छाए रहेंगे। पर, बारिश की संभावना नहीं है। यह स्थितियां अरब सागर में उठे विक्षोभ के कारण बनेगी। गुरुवार सुबह से एकाएक छाए बादलों के कारण तेज धूप नहीं निकल सकी और पूरे दिन शाम सरीखा माहौल नजर आया। वहीं,जिले में कुछ एक स्थानों पर कुछ समय के लिए बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के अधिकांश भागों में आगामी दिनों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा। हालांकि कमजोर विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर पश्चिमी व उत्तरी राजस्थान कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है। शेष अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहेगा। धूप न निकलने के कारण तापमान पर खासा असर देखने को नहीं मिलेगा। दो डिग्री तक तापमान में गिरावट हो सकती है। जिसका असर सुबह-शाम को देखने को मिल सकता है। 14 अक्टूबर के बाद बादल छट जाएंगे। 15 से तेज धूप निकलने की संभावना है।
कटी फसलों को रखें सुरक्षित स्थान पर
अगले दो दिन गहरे बादल हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इस कारण जिले के समस्त किसानों को अगले दो दिन फसल कटाई न करने की सलाह दी जाती है। साथ ही कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें।
डॉ . हरगिलास मीणा, जोनल डायरेक्टर, कृषि अनुसंधान केंद्र बोरबट, बांसवाड़ा
अरब सागर में स्थित लक्ष्द्वीप के समीप 7 अक्टूबर को एक अवदाब बन कर उत्तर की ओर बढ़ कर अब उत्तर पश्चिम में पहुंचा है। इस के प्रभाव से मेवाड़ - वागड़ सहित दक्षिणी एवं पूर्वी राजस्थान में भी असर दिखेगा। इस अरब सागरीय विक्षोभ के बनने से बदल छाए हुए हैं। हल्की बूंदाबांदी होने कि उम्मीद है।
प्रो नरपत सिंह राठौड़ पूर्व विभागाध्यक्ष भूगोल, सुखाडिया विश्वविद्यालय उदयपुर
अगले पांच दिन यह रहेगा तापमान
तारीख : अधिकतम ताप. : न्यून. ताप
11 अक्टूबर : 31: 24
12 अक्टूबर : 29:23
13 अक्टूबर :30:22
14 अक्टूबर :33:23
15 अक्टूबर : 35:21
(तापमान डिग्री से. में)