श्री जानकीनाथ मंदिर परिसर में हुआ भूमिपूजन लायंस इंटरनेशनल की ग्रांट और स्थानीय सहयोग से होगा निर्माण
उज्जैन. धार्मिक नगरी उज्जैन में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एक नई सेवा योजना की शुरुआत की गई। महाश्वेता नगर स्थित श्री जानकीनाथ मंदिर परिसर में लायंस शाही मंडपम के निर्माण के लिए विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। यह निर्माण कार्य लायंस इंटरनेशनल से प्राप्त विशेष ग्रांट एवं स्थानीय सहयोग से किया जाएगा। मंदिर परिसर में बनने वाला यह मंडपम धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा और सेवा गतिविधियों को गति देगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लायंस इंटरनेशनल के वाइस गेट एरिया लीडर एवं अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंदौर के कुलभूषण मित्तल ने भूमिपूजन किया। उन्होंने मंदिर परिसर की सकारात्मक ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि इंटरनेशनल से प्राप्त ग्रांट एक नई शुरुआत है। उन्होंने इस कार्य के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उनकी घोषणा से उत्साहित लायंस सदस्यों एवं समिति के पदाधिकारियों ने भी लगभग 1.25 लाख रुपये की अतिरिक्त सहयोग राशि देने की घोषणा की। प्रवीण वशिष्ठ ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से उज्जैन के लायन साथियों का मनोबल बढ़ा है।
दीपक राजवानी ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में जानकीनाथ भक्त मंडल सेवा समिति के अध्यक्ष दिनेश जादौन, भगवानदास एरन, बलबीर सिंह साहनी, आर.जी. पाठक सहित विभिन्न लायंस क्लबों के पदाधिकारी और स्थानीय रहवासी उपस्थित रहे। डॉ. अजय गुप्ता, सुशील पोरवाल, संजीव गोयल, गिरीश जायसवाल, नागेश गुप्ता, नरेंद्र खंडेलवाल, राकेश शर्मा, श्रीकांत वैश्यमपायन, शिव बंसल, संजय सक्सेना, राजेश श्रीवास्तव और छाया लोखंडे सहित बड़ी संख्या में सेवाभावी सदस्यों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। शाही मंडपम के निर्माण से शहर में सेवा गतिविधियों को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।