जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे की है। कक्षा तीसरी में पढ़ने वाली सलोनी अहिरवार नाम की छात्रा क्लास से टॉयलेट जाने के लिए निकली थी। वो टॉयलेट जा रही थी तभी स्कूल परिसर की बाउंड्रीवॉल अचानक गिर गई। दीवार सीधे बच्ची के ऊपर जा गिरी और वह ईंटों के मलबे में दब गई। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, बच्ची की चीख-पुकार सुनकर स्कूल में मौजूद दूसरे बच्चे मौके पर पहुंचे और आवाज देकर स्कूल के स्टाफ को जानकारी दी। इसके बाद बच्चों और स्टाफ ने मिलकर मलबा हटाया और सलोनी को बाहर निकाला। परिजन उसे निजी वाहन से गुना लेकर पहुंचे, जहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।