फार्महाउस बदल-बदलकर सजती थी जुए की महफिल
इंदौर. मानपुर थाना क्षेत्र के आवलीपुरा गांव स्थित आलीशान ‘कोठी निवास’ फार्महाउस पर मंगलवार रात सजी हाईप्रोफाइल जुए की महफिल पर पुलिस की दबिश ने पूरा खेल पलट दिया। इंदौर ग्रामीण पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 18 जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि जुआ अड्डे का मास्टरमाइंड जगदीश राठौर उर्फ ‘जगदीश अंकल’ अपने साथियों के साथ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार जिस फार्महाउस पर जुए का अड्डा संचालित हो रहा था, वह जमीन आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य और उनके पति अम्बरिश वैद्य के नाम दर्ज बताई जा रही है। फार्महाउस की देखरेख रामपुरिया निवासी रंजीत जाट के जिम्मे थी।
मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि फार्महाउस पर जुआरियों का जमावड़ा लग चुका है। इसके बाद इंदौर से मिले संकेत पर बडगोंदा, मानपुर और इंदौर पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग भागने में सफल हो गए, लेकिन पुलिस ने 18 जुआरियों को पकडकऱ उनके मोबाइल और अन्य सामान जब्त कर लिया। बुधवार दोपहर सभी आरोपियों को एसडीएम राकेश परमार की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जुए का सरगना जगदीश राठौर जुआरियों की दुनिया में ‘जगदीश अंकल’ या ‘जगदीश कुबड़ा’ के नाम से जाना जाता है। वह पुलिस को चकमा देने के लिए हर बार नए होटल या फार्महाउस में जुए की महफिल सजाता था। पहले भी वह कई स्थानों पर इसी तरह जुआ खिलाता रहा है, लेकिन इस बार पुलिस की दबिश में उसका नेटवर्क उजागर हो गया।
जगदीश अंकल ने आसपास के आठ जिलों में जुआरियों का मजबूत नेटवर्क बना रखा था। उसके बुलावे पर इंदौर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, उज्जैन और देवास जिलों से जुआरी यहां पहुंचे थे। इस नेटवर्क में पान दुकान संचालक, साड़ी हैंडलूम कारोबारी, गल्ला व्यापारी, किराना व्यापारी, ऑटो पाट्र्स कारोबारी, बीज व्यापारी, बस ट्रांसपोर्टर और सरकारी शिक्षक तक शामिल मिले।
मानपुर पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे जगदीश राठौर के बुलावे पर यहां पहुंचे थे। कुछ आरोपी निजी टैक्सी से आए थे, जबकि कई लोग बस से यात्रा कर फार्महाउस तक पहुंचे। मौके से पुलिस ने दो कारें (एमपी-09 डब्ल्यूई-1950 और एमपी-09 एपी-0487) भी जब्त की हैं।
कार्रवाई में पुलिस ने अलिया उर्फ अलाउद्दीन पिता पीर मोहम्मद निवासी सिंघाना, विजय पिता राजमल मोदी निवासी कानवन, आसिक पिता चुन्नु खान निवासी महेश्वर, ओमप्रकाश पिता जगदीश राठौड निवासी लिम्बोदी, दीनदयाल पिता बलराम जायसवाल निवासी बदनावर, राहुल पिता प्रदीप जैन निवासी बडनगर, राहुल पिता सरदारमल जैन निवासी बडनगर, स्वप्निल पिता सुरेश जैन निवासी कुक्षी, नितेश पिता हुकुमचंद बंसल निवासी अंजड़, नवीन पिता लक्ष्मण निवासी जोबट, मनीष पिता बसंतीलाल वाणी निवासी जोबट, अभिषेक पिता नंदकिशोर सिरसोदे निवासी बडनग़र, अखिलेश पिता बालकृष्ण झंवर निवासी बाग, धीरज पिता गजानंद कर्मा निवासी गोगावां, राकेश पिता कालूजी चौधरी रातीमाली झाबुआ, ब्रजेश पिता हिंदूसिंह निवासी बीएनपी देवास, रवि पिता शिवनारायण चौधरी निवासी सिरौलिया देवास, सागर पिता गोपाल सेन निवासी राजगढ़ को पुलिस ने हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार दबिश के दौरान जगदीश उर्फ अंकल अपने साथियों के साथ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपियों में पप्पू धोबी (राजगढ़), गोपाल (लिम्बोदी), आशीष जैन (बखतगढ़, धार) सहित फार्महाउस का केयरटेकर रंजीत जाट (रामपुरिया) और फार्महाउस मालिक के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
‘