
ग्वालियर. साइबर अपराध अब सिर्फ लिंक भेजकर खाते खाली करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि संगठित माफिया ने इसे बाकायदा एक कॉर्पोरेट उद्योग (बिजनेस) की शक्ल दे दी है। ठगी की काली कमाई को सुरक्षित ठिकाने लगाने और पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए ठगों का सिंडिकेट खुद करोड़ों रुपए का अग्रिम निवेश (इन्वेस्टमेंट) कर रहा है। मध्य प्रदेश राज्य साइबर पुलिस ने नवंबर 2026 की पड़ताल में 4,086 ऐसे 'म्यूल अकाउंट्स' (किराये के बैंक खाते) की पहचान की है, जिनका इस्तेमाल ठगी की पहली कतार (फर्स्ट लेयर) में रकम खपाने के लिए किया गया। चौंकाने वाला पहलू यह है कि थोक में इन 4 हजार से अधिक बैंक खातों को हासिल करने के लिए साइबर सिंडिकेटट ने करीब 2 करोड़ 4 लाख 30 हजार रुपए की भारी-भरकम रकम खर्च की है। यानी औसतन एक खाता 5 हजार रुपए में खरीदा गया।
ग्वालियर जोन के 101 खाते रडार पर
राज्य साइबर सेल के अनुसार, प्रदेश में चिन्हित 4,086 खातों में से 101 बैंक खाते अकेले ग्वालियर जोन के हैं। इसके अलावा पुलिस के डेटाबेस में अब तक करीब 3 लाख 30 हजार से ज्यादा संदिग्ध म्यूल खातों का रिकॉर्ड सामने आ चुका है, जिनकी तकनीकी और वित्तीय कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
जैसा खाता वैसा भाव: बचत सस्ता, करंट खाता महंगा
साइबर ठगी के इस अवैध बाजार में बाकायदा बैंक खातों का रेट कार्ड तय है:
इनका कहना है
साइबर ठगों की पूरी रीढ़ म्यूल खातों पर ही टिकी है। इनके बिना बड़ा फ्रॉड संभव नहीं। एजेंट जरूरतमंदों को कुछ हजार रुपए थमाकर खाते खरीद लेते हैं और करंट खातों की डील कमीशन पर होती है। पुलिस लगातार ऐसे खातों को ब्लॉक कर खरीद-फरोख्त करने वाले दलालों को दबोच रही है।
संजीव नयन शर्मा, डीएसपी, राज्य साइबर सेल, ग्वालियर