
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने नगर निगम कार्यालय के नए भवन का लोकार्पण बिरसा मुंडा की जयंती पर की। ग्राउंड फ्लोर पर पेंशन, समग्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के साथ अन्य सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। इस बीच आयुक्त के कक्ष में तोडफ़ोड़ की गई। दोनों लिफ्ट के साथ अभी तीसरी, चौथी मंजिल का निर्माण अधूरा है।
नगर निगम कार्यालय के नए भवन का 16.95 करोड़ रुपए खर्च कर तैयार लोकार्पण हो चुका है, लेकिन भवन में निर्माण संबंधी खामियां और अधूरे काम अब सामने आने लगे हैं। नए भवन की ड्राइंग-डिजाइन सवाल उठने लगे हैं। आयुक्त कक्ष में डिजाइन बदलने के लिए दीवार तोड़ी जा रही है। वहीं, तीसरी से पांचवीं मंजिल तक कई काम अधूरे हैं। भवन में लग्जरी सुविधाओं के बीच आवेदकों के लिए बुनियादी इंतजाम भी नहीं किए गए हैं।
नए भवन में आयुक्त कक्ष व्यू बदलने और कक्ष बड़ा करने के लिए डिजाइन बदलाव किया जा रहा है। इसके लिए दीवार काटकर निर्माण किया जाएगा। ओंकारेश्वर कक्ष में डिजाइन बदलने के लिए तोड़-फोड़ किया जा रहा है। लोकार्पण के बाद भवन में बदलाव किए जाने से निर्माण की ड्राइंग-डिजाइन और नियोजन पर सवाल उठ रहे हैं। ग्राउंड फ्लोर में पिछले हिस्से में काम अधूरा है। चौथी मंजिल पर कमरों में वायरिंग और फाइनल फिनिशिंग का काम भी बाकी है। सभागार भी अभी तैयार नहीं हो सका है।
ग्राउंड फ्लोर में योजनाओं का कार्य शुरू हो गया है। तीसरी से पांचवीं मंजिल तक काम अधूरा होने के कारण टाउन हॉल और जोन नंबर एक में संचालित राजस्व, पीडब्ल्यूडी सहित अन्य विभागों के कार्यालय नए भवन में शिफ्ट नहीं हो सके हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सफाई और अन्य काम पूरे होने के बाद कार्यालय शिफ्ट करेंगे। अभी इलेक्ट्रिक, लिफ्ट और फर्नीचर का काम चल रहा है। ठेकेदार दीपक राठौर के अनुसार लिफ्ट का काम शुरू हो गया है। आठ दिन में लिफ्ट चालू हो जाएगी।
नए निगम भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सुविधाओं का इंतजाम किया गया है, लेकिन खिड़की पर पहुंचने वाले आवेदकों के लिए बैठने, छांव और पानी की व्यवस्था नहीं है। नागरिकों को खिड़की के बाहर खड़े होकर इंतजार करना पड़ रहा है। परिसर में टॉयलेट और यूरिनल की व्यवस्था को लेकर भी आवेदक परेशान रहे। भवन की भव्यता के बीच नागरिक सुविधाओं की अनदेखी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
इनका कहना : भरत सुरजाय, एई, नगर निगम
नवीन भवन में कार्य पूर्ण हो गया है। तीसरी मंजिल तक शिफ्ट होने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। आयुक्त कक्ष में दीवार को तोड़कर एरिया बढ़ाया जा रहा है। लिफ्ट का कार्य भी जल्द पूर्ण हो जाएगा। इसके लिए टीम आने वाली है।