
Patrika Amritam Jalam नरसिंहपुर. शनिवार को पत्रिका अमृतम जलम अभियान के तहत नगर की प्राचीन धरोहर नरसिंह तालाब परिसर में स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम 5 बजे से शुरू हुए इस अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, खिलाडिय़ों, वरिष्ठ नागरिकों तथा नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर तालाब परिसर और आसपास के क्षेत्र में सफाई कार्य किया।
जलस्रोतो को साफ-सुथरा बनाए रखनें हो निरंतर प्रयास
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर रजनी सिंह ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता का संकल्प दिलाते हुए कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता के साथ-साथ तालाबों, कुओं और अन्य जल स्रोतों को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। ऐसे अभियान समाज में जल संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करते हैं।
जनभागीदारी आधारित कार्यक्रमों पर जोर
जिला पंचायत के सीईओ गजेन्द्र सिंह नागेश ने कहा कि नरसिंह तालाब नगर की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए नियमित रूप से जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि यह जल स्रोत आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ बना रहे।
जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में करें सहयोग
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने कहा कि स्वच्छता और जल संरक्षण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी में सामाजिक दायित्व और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने लोगों से जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
समाज को जागरुक रहने की जरूरत
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी इंजी. सुनील कोठारी, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक जयनारायण शर्मा, राष्ट्रीय महिला जागृति मंच की अध्यक्ष विवेक पांडे, काया ग्रुप की संस्थापिका एवं समाजसेवी इंदु सिंह, पेंशनर समाज, रेडक्रास सोसायटी के पदाधिकारी एसके चतुर्वेदी, पूर्व पार्षद नीलेश जाट ने समय-समय पर इस तरह के आयोजनों पर जोर दिया। जिससे समाज में जल संरक्षण-संवर्धन के साथ ही जल स्रोतों की स्वच्छता के प्रति जागरूकता आ सके।
अभियान में भागीदारी करने रहा उत्साह
कार्यक्रम में नरसिंहपुर सीएमओ नीलम चौहान, डाइट प्राचार्य राजीव किशोर श्रीवास्तव, वॉलीबाल संघ के जोनल सचिव मनीष कटारे, शिक्षक एलपी गिरदौनिया, डॉ. विवेक सक्सेना, रामकुमार नामदेव, प्रदीप नगाइच, भारती कौरव, ममता मिश्रा, अरूणा दुबे, कीर्ति पालीवाल, मंजू दुबे, सुनीता शर्मा, दीप्ति दुबे, सपना शर्मा, खेल अधिकारी सुनीता यादव समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों, खेल संघों, जन अभियान परिषद के सदस्यों, जाट युवा मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों तथा नगर पालिका कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।