PM Modi Kanyakumari
चेन्नई. लोकसभा चुनाव-2024 अपने अंतिम पड़ाव पर है। सातवें और आखिरी चरण का मतदान 1 जून को होगा। हर बार की तरह इस बार के चुनाव में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताबड़तोड़ रैलियां की। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार थमने के बाद कन्याकुमारी का दौरा कर सकते हैं। पीएम मोदी 31 मई को विवेकानंद रॉक मेमोरियल पहुंचकर पूरे दिन ध्यान लगाएंगे।
एकता का प्रतीक है रॉक मेमोरियल
यह मेमोरियल एकता का प्रतीक है, क्योंकि पूरे देश ने इसके लिए काम किया और योगदान दिया। इसके उद्घाटन में सभी राज्यों से लोग शामिल हुए। इस स्मारक को कच्ची कामकोटि पीठम के परमाचार्य ने डिजाइन किया था और जिसके लिए चिन्मय मिशन के स्वामी चिन्मयानंद ने पहला दान दिया था। इसके लिए सभी राज्य सरकारों और केंद्र सरकार ने योगदान दिया। पिछले आम चुनाव में प्रचार थमने के बाद पीएम मोदी केदारनाथ पहुंचे थे और रूद्र गुफा में ध्यान लगाया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण की सीटों के लिए चुनाव प्रचार थमने के बाद तमिलनाडु जा सकते हैं। सातवें चरण में 57 लोकसभा सीटों के लिए 1 जून को मतदान होना है। इन सीटों के लिए चुनाव प्रचार 30 मई की शाम 5 बजे थम जाएगा। सूत्रों की मानें तो चुनाव प्रचार थमने के बाद पीएम मोदी के 30 मई की ही रात तमिलनाडु के कन्याकुमारी पहुंचने का कार्यक्रम है।
2019 में भी किया था ध्यान
प्रधानमंत्री मोदी 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान अंतिम चरण का चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद उत्तराखंड के पहाड़ों पर ध्यान के लिए गए थे। उस समय उन्होंने केदारनाथ पहुंचकर रुद्र गुफा में ध्यान किया था। इस बार विवेकानंद रॉक मेमोरियल को चुना है। यह वही स्थान है जहां विवेकानंद को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। बता दें, 1 जून को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश समेत 8 राज्यों की 57 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा।