राजगढ़ संसदीय क्षेत्र के सुसनेर में भाजपा-कांग्रेस की अपनी-अपनी रणनीति सुसनेर. राजगढ़ संसदीय सीट इस बार हॉट सीट बन गई है। भाजपा के सांसद और लोकसभा प्रत्याशी रोडमल नागर की दूसरी पारी के समक्ष कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह चुनौती के रूप में मैदान में हैं। राजगढ़ क्षेत्र को सिंह की पैठ वाला क्षेत्र […]
सुसनेर. राजगढ़ संसदीय सीट इस बार हॉट सीट बन गई है। भाजपा के सांसद और लोकसभा प्रत्याशी रोडमल नागर की दूसरी पारी के समक्ष कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह चुनौती के रूप में मैदान में हैं। राजगढ़ क्षेत्र को सिंह की पैठ वाला क्षेत्र माना जाता है वहीं कांग्रेस के कद्दावर नेता सिंह को उनके ही किले में घेरने के लिए भाजपा ने बड़ी रणनीति बना रखी है। जहां भाजपा ने स्टार प्रचारक गृहमंत्री अमित शाह की खिलचीपुर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुसनेर में सभा कराकर सीट पर दबदबा बनाने का प्रयास किया है, वहीं दिग्विजय सिंह के साथ उनकी पत्नी अमृता और बेटे जयवर्धन सिंह ने मैदान संभाल रखा है।
पदयात्रा से जोड़ की कोशिश कर रही कांग्रेस
खासकर सुसनेर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस विधायक होने से दिग्विजय सिंह ने पदयात्रा के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया है। उनकी पत्नी महिला सम्मेलनों के माध्यम से महिलाओं को साध रही हैं और बेटे जयवर्धन सिंह भी सभाओं के माध्यम से युवाओं तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं। हालांकि प्रचार के प्रमुख स्रोत झंडे-बैनर, पोस्टर, प्रत्याशी का गुणगान करने वाले प्रचार वाहन में भाजपा ने भारी ताकत झोक रखी है। बड़ा चेहरा होने के बावजूद कांग्रेस भाजपा से पीछे दिख रही है। दोनों ही दलों का सुसनेर विस के ग्रामीण क्षेत्रों पर फोकस है।हर स्तर पर भाजपा का ध्यान
भाजपा बहुत आर्गेनाइज्ड तरीके से चुनाव लड़ रही है। राजगढ़ संसदीय सीट की 8 विधानसभाओं में से सुसनेर विधानसभा, ऐसी है, जहां प्रत्याशी की घोषणा से पूर्व ही भाजपा के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ हो चुका था। भाजपा में संगठन द्वारा दिए कार्यों व बैठकों का आयोजन कर रणनीति तैयार करने के साथ कार्यकर्ताओं को एक्टिव किया जा रहा है। वर्तमान में विधानसभा चुनाव प्रभारी, लोकसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक, मप्र क्लस्टर प्रभारी आदि प्रतिदिन कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रणनीति तैयार करने में लगे हैं। विधानसभा और मंडल स्तर की बैठकों के बाद अब शक्ति केंद्रों तक पहुंच कर प्रचार कर चुकी है।कांग्रेस को विस चुनाव परिणाम दोहराने की आस
भाजपा कर रही बड़ी जीत का दावा
भाजपा को पिछले दो विधानसभा चुनाव में हार मिलने के बाद भी लोकसभा चुनाव में भाजपा सुसनेर से बड़े अंतर से जीत का दावा कर रही है तो वहीं कांग्रेस विधानसभा चुनाव में मिली जीत को अपने पक्ष में मानकर चल रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पार्टी स्तर पर प्रचार में तेजी नजर नहीं आ रही है।कांग्रेस ने अब तक सुसनेर विधानसभा में चुनाव कार्यालय तक शुरू नहीं किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस के पोस्टर-झंडे कम लगे हैं।कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने सुसनेर व नलखेडा में सभा की है। कांग्रेस के किसी स्टार प्रचारक की सभा राजगढ़ संसदीय क्षेत्र में नहीं हुई है क्योंकि दिग्विजय सिंह खुद बड़ा चेहरा हैं। सुसनेर में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत को कांग्रेस लोकसभा में भी अपनी जीत मानकर बैठी है, किंतु विधानसभा चुनाव के बाद से क्षेत्र में कांग्रेस के जनाधार में बदलाव आया है।वर्जन
भाजपा लोकसभा चुनाव की तैयारी में लगी हुई है। भाजपा के कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर मतदाताओं से मिल रहे है। 2 मई से महाजनसंपर्क अभियान की शुरूआत होने वाली है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी के लिए समर्थन मांगने वाले वाले हैं। इसे लेकर बैठक भी हो चुकी है।
चिंतामण राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष आगर-मालवा
कांग्रेस जीत को लेकर आश्वस्त है। कांग्रेस का प्रचार चल रहा है। कांग्रेस पार्टी का नाम ही इतना बडा है कि उसको किसी पहचान की जरूरत नहीं है। कांग्रेस उम्मीदवार मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद के रूप में किए कार्य को लेकर जनता के बीच जा रहे है।
बंशीलाल पाटीदार, जिलाध्यक्ष कांग्रेस आगर-मालवा