समाचार

जयपुर में 26 जनवरी पर रिपब्लिक डे टूरिज्म ::: ऑन या ऑफ सीजन नहीं…जयपुर में अब ऑल टाइम पर्यटन

Jan 19, 2026
Feature image

जयपुर. ऑन या ऑफ सीजन की जगह जयपुर में अब ऑल टाइम पर्यटन का दौर शुरू हो गया है। 15 अगस्त हो या 26 जनवरी, राखी हो या होली-दिवाली...हर सीजन शहर में सैलानियों की भीड़उमड़ रही है। इस बार 24 से 26 जनवरी तक पहला तीन दिन का लोंग वीकेंड आ रहा है और रिपब्लिक डे टूरिज्म परवान पर रहने वाला है। शहर सभी होटल‑रिसॉर्ट्स इस वीकेंड के लिए बुक हो चुके हैं। कारोबारियों को होटल बुकिंग, खानपान, सैर, खरीदारी से 200 करोड़ रुपए की कमाई का अनुमान है। पुलिस आयुक्त को यातायात व पार्किंग सुधारने का ज्ञापन भी सौंपा गया है।

आएंगे 80 से 90 हजार पर्यटक

कारोबारियों का कहना है कि लॉन्ग वीकेंड पर 80 से 90 हजार पर्यटक आने का अनुमान है। 80 प्रतिशत पर्यटक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, आगरा और गुजरात से आएंगे। होटल संचालकों का कहना है कि तीन दिन के लोंग वीकेंड के लिए रविवार तक शहर के आधे से ज्यादा होटल, रिसॉर्ट बुक हो चुके हैं।

यातायात व पार्किंग व्यवस्था हो बेहतर

रिपब्लिक डे टूरिज्म को देखते हुए शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था और बाहर से आने वाले वाहनों के लिए बेहतर पार्किंग व्यवस्था के लिए होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की ओर से पुलिस आयुक्त को पत्र भी सौंपा है।

फरवरी तक रखा जाएगा अतिरिक्त स्टाफ

कारोबारियों के अनुसार 31 दिसंबर से पहले होटलों में अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया था। जिसे अब फरवरी तक रखा जाएगा। अगले महीने भी शहर में पर्यटन परवान पर रहेगा। ऐसे में पर्यटन से युवाओं को रोजगार भी मिलता रहेगा।

2500 होटल्स, 200 से ज्यादा रिसॉर्ट

होटल संचालकों की माने तो शहर में गेस्ट हाउस से लेकर पांच सितारा श्रेणी के करीब 2500 होटल्स हैं और 200 रिसोर्ट्स हैं। रविवार तक इनमें से आधे से ज्यादा होटल्स व रिसोर्टस वीकेंड के लिए बुक हो गए हैं।

शहर में रिपब्लिक डे टूरिज्म उम्मीदों से भरा रहेगा। तीन दिन में 200 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है। बेहतर यातायात और पार्किंग व्यवस्था के लिए पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा है।

रण विजय सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, होटल फैडरेशन ऑफ राजस्थान

Updated on:
19 Jan 2026 12:16 pm
Published on:
19 Jan 2026 12:16 pm