
2 lane road, फाइल फोटो (source- NHAI Facebook Page)
Gwalior Lucknow Highway: मध्यप्रदेश के ग्वालियर से उत्तर प्रदेश के लखनऊ तक का सफर अब पहले से और ज्यादा आरामदायक और आसान हो गया है। इतना ही नहीं ग्वालियर से भिंड, इटावा और कानपुर जैसे शहरों की कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि ग्वालियर से होकर उत्तर प्रदेश की सीमा तक जाने वाला 108 किमी लंबा 2 लेन नेशनल हाइवे (NH-719) बनकर तैयार हो चुका है और इस पर से आवागमन भी शुरू हो गया है। हालांकि अभी 2 लेन हाइवे शुरू हुआ है लेकिन अब इसे फोरलेन में बदलने का काम भी शुरू होगा और फोरलेन बनने के बाद सफर और भी ज्यादा आसान हो जाएगा।
ग्वालियर से लखनऊ के बीच की दूरी 330 किमी है और पहले इन दो शहरों के बीच का सफर तय करने में 8 से 9 घंटे का समय लगता था। लेकिन नए 2 लेन वाले नेशनल हाइवे क्रमांक-719 के शुरू होने के बाद अब इन दोनों शहरों के बीच का सफर 3 से साढ़े 3 घंटे घटकर साढ़े 5 घंटे रह गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि ग्वालियर से शुरू हुआ नया NH-719 सीधा उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ता है। इसके सीधे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ने के कारण वाहन नॉन स्टॉप तरीक से लखनऊ की तरफ निकल जाते हैं।
इस नए 2 लेन हाइवे के शुरू होने के बाद ग्वालियर-लखनऊ का सफर तो आसान हुआ ही है साथ ही ग्वालियर से इटावा का सफर भी बेहद आसान हो गया है। ग्वालियर से इटावा के बीच की 115 किमी की दूरी अब महज दो घंटे में पूरी हो रही है। जबकि पहले इसी दूरी को तय करने में 4-5 घंटे का समय लगता था। बता दें कि पहले ग्वालियर से इटावा तक सिंगल लेन सड़क थी, जो अब 2 लेन में अपग्रेड हो गई है। इस हाइवे के बनने से ग्वालियर की भिंड, इटावा के अलावा कानपुर, आगरा, मथुरा और कोटा से भी बेहतर कनेक्टिविटी हो गई है। इसके अलावा ग्वालियर की आसपास के स्थानीय कस्बे मालनपुर, गोहद, मेहगांव, फूप भी अब कनेक्ट हो गए हैं।
Updated on:
14 Sept 2026 04:21 pm
Published on:
14 Sept 2026 04:21 pm
