समाचार

100 रुपए सस्ती शराब नहीं दी तो सेल्समैन को मारी गोली

पिंटो पार्क शराब दुकान फायरिंग का खुलासा, तीन आरोपी राउंडअप

2 min read
पिंटो पार्क शराब दुकान फायरिंग का खुलासा, तीन आरोपी राउंडअप

पिंटो पार्क शराब दुकान फायरिंग का खुलासा, तीन आरोपी राउंडअप

ग्वालियर। शराब की बोतल पर 100 रुपए की छूट नहीं मिलने से नाराज नशेबाजों ने पिंटो पार्क स्थित कंपोजिट शराब दुकान के सेल्समैन को गोली मार दी। गोली सेल्समैन के कंधे में लगी है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को राउंडअप कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

चार शहर का नाका निवासी प्रशांत शिवहरे पिंटो पार्क स्थित कंपोजिट शराब दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। पुलिस के अनुसार गुरुवार दोपहर को राज कुशवाह, लवकुश पाठक, राकेश कुशवाह और आकाश शराब खरीदने दुकान पर पहुंचे थे। खरीदी गई शराब की बोतल की कीमत 1200 रुपए थी, लेकिन चारों युवक 100 रुपए की छूट की मांग कर रहे थे। नियमों के अनुसार छूट देने से मना करने पर चारों ने प्रशांत को धमकाया और वहां से चले गए।

रात 11 बजे ताबड़तोड़ फायरिंग

प्रशांत ने बताया कि रात करीब 11 बजे वह दुकान पर बैठा था, तभी चारों आरोपी दोबारा दुकान पर पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनमें से एक ने पिस्टल निकालकर 3 से 4 राउंड फायर कर दिए। एक गोली प्रशांत के कंधे में जा लगी। जान बचाने के लिए वह काउंटर के नीचे दुबक गया। फायरिंग के बाद आरोपियों ने दुकान पर पथराव भी किया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को राउंडअप कर लिया। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस का कहना

एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि शराब दुकान के सेल्समैन पर फायरिंग की घटना में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह शराब की बोतल पर 100 रुपए की छूट को लेकर सामने आई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

Updated on:
08 Feb 2026 06:27 pm
Published on:
08 Feb 2026 06:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर