आज से रोहिणी नक्षत्र में आएंगे सूर्य, नौतपा में बरसेगी आग
सिरोही. जिले में इन दिनों सूर्य देव का रौद्र रूप लोगों पर भारी पड़ रहा है। तीन दिन से पारा 44 डिग्री के पार हो रहा है। ऐसे में भीषण गर्मी के कारण जनजीवन बेहाल है। वहीं दोपहर में सड़कें सूनी रहती है। यह नजारा कोरोनाकाल में लगे लॉकडाउन की याद दिला रहा है। मौसमी बीमारियों के चलते अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। 25 मई से सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश कर जाएगा। इससे गर्मी का असर और ज्यादा होगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.9 और न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री रहा। नौतपा की शुरुआत होने के बाद गर्मी और बढ़ने वाली है। इस दौरान तापमान और बढ़ सकता है। मौसम विभाग की ओर से हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।
आग उगलती सूरज की किरणों के चलते सुबह से ही लू के थपेड़ों ने लोगों को झुलसा कर रख दिया। जैसे-जैसे दिन चढ़ा वैसे-वैसे सूरज की किरणों में तेजी आती गई। लोग बाहर निकलने में कतराते नजर आए। जिसके चलते बाजारों में चहल-पहल काफी कम रही और शहर के प्रमुख मार्ग व चौराहे भी सूने रहे। गर्मी से राहत पाने के लिए ठण्डे पदार्थो की मांग बढ़ी है। बाजार में ठण्डे खाद्य व पेय पदार्थो की दुकानों पर लोगों की खासी भीड़ देखी जा सकती है। जहां लोग सपरिवार शीतल पेय, आइस्क्रीम व बर्फ के गोलों का लुत्फ उठाते देखे जा सकते हैं।
दिनभर तेज गर्मी की मार झेलने के बाद लोग शाम के समय ही घूमने के लिए निकलते हैं। जिसके चलते शहर के विभिन्न उद्यानों व पार्को पर लोगों की खासी भीड़ रहने लगी है।
प्रचंड गर्मी का तापमान दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। भीषण गर्मी के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। मानव तो मानव पशु-पक्षी भी बूंद-बूंद पानी और छाया को तरसने को विवश हैं। शुक्रवार को नगरपरिषद कार्यालय परिसर में एक बंदरों का झुंड दिखा, जिसमें कोई बंदर पानी की तलाश करता तो कोई छाया ढूंढ़ता नजर आया। भीषण गर्मी ये पशु-पक्षी बेहाल है।
नौतपा का समय अभी शुरू भी नहीं हुआ, लेकिन सूर्य देव के तेवर प्रचंड हो गए हैं। ऐसे में अब आवश्यक कार्य के चलते ही शहर के नागरिक घरों से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर में तो सडक़ें तक सूनी दिखाई दे रही हैं और दुकानों के शटर लगे होने से हालात किसी बंद की तरह नजर आ रहे हैं। राहगीर हो या वाहन चालक मुंह पर कपड़ा लपेटे बिना बाहर नहीं निकल पा रहा।