समाचार

कंटेनर के पीछे घुसी तेज रफ्तार कार, तीन लोगों की मौत

जामनगर. राजकोट. भावनगर-धोलेरा राज्य राजमार्ग पर भड़भीड़ टोलनाका के पास मंगलवार देर रात कंटेनर के पीछे तेज रफ्तार कार घुस गई। हादसे में कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में भाल इलाके के वीरेंद्रसिंह सरवैया, बलभद्रसिंह चुडासमा और इम्तियाज मलेक शामिल हैं।
2 min read
Speeding Car Crashes into Rear of Container Truck; Three Dead
कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर।

भावनगर-धोलेरा राज्य राजमार्ग पर भड़भीड़ टोलनाका के पास हादसा, भावनगर के सर टी अस्पताल पहुंचाया शवों को

जामनगर. राजकोट. भावनगर-धोलेरा राज्य राजमार्ग पर भड़भीड़ टोलनाका के पास मंगलवार देर रात कंटेनर के पीछे तेज रफ्तार कार घुस गई। हादसे में कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में भाल इलाके के वीरेंद्रसिंह सरवैया, बलभद्रसिंह चुडासमा और इम्तियाज मलेक शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, भाल इलाके के वीरेंद्रसिंह, बलभद्रसिंह और इम्तियाज मंगलवार रात कार से भावनगर-धोलेरा राज्य राजमार्ग से गुज़र रहे थे। भड़भीड़ टोल नाका से करीब 1 किलोमीटर दूर क्रीक नंबर 3 के पास तेज गति से जा रही कार आगे चल रहे एक कंटेनर के पिछले हिस्से में घुस गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। अंदर फंसे तीनों लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आवाज सुनकर हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और सूचना मिलने पर राहत-बचाव टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण तीनों शवों को बाहर निकालना बेहद कठिन हो गया। काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भावनगर के सर टी. अस्पताल पहुंचाया गया।
इस घटना के संबंध में सूचना मिलने पर भड़भीड़ पुलिस चौकी और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ की। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन, बड़ी संख्या में रिश्तेदार और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में रुदन की आवाज गूंजने से शोक का माहौल हो गया।

ट्रैक्टर-टेम्पो की टक्कर में वडोदरा के युवक की मौत, एक घायल

गोधरा. पंचमहाल जिले की गोधरा तहसील के वावड़ी खुर्द गांव के पास ट्रैक्टर-टेम्पो की टक्कर में वडोदरा के युवक की मौत हो गई। हादसे में एक युवक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार वडोदरा जिले की डेसर तहसील के उदलपुर चारण फलिया निवासी ट्रांसपोर्ट व्यवसायी मेहुल चारण मंगलवार रात लोडिंग टेम्पो में लोहे के सरिये भरकर गोधरा हाईवे से गुजर रहा था।
टेम्पो में मेहुल के भाई गोविंद चारण भी सवार थे। इसी दौरान गोधरा तहसील के वावड़ी खुर्द गांव के पास स्थित एक होटल के सामने हाईवे पर सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने लोडिंग टेम्पो को टक्कर मार दी।
टक्कर से टेम्पो पलट गया। टेम्पो में भरे लोहे की सरिये गोविंद चारण के मुंह और सिर के आर-पार घुसने से मौके पर उसकी मौत हो गई। इसके अलावा टेम्पो में सवार अन्य व्यक्ति अनुराज राजगोर को भी गर्दन और सिर में गंभीर चोटें आई।
हादसे के बाद आसपास के लोग और अन्य वाहन चालक मदद के लिए मौके पर पहुंचे। अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रैक्टर चालक अपना वाहन लेकर फरार हो गया। मृतक के भाई मेहुल चारण ने गोधरा तहसील पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया।

Updated on:
20 May 2026 10:39 pm
Published on:
20 May 2026 10:39 pm