
ग्वालियर। तृतीय मध्यप्रदेश रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का रविवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। पुरुष एकल के फाइनल में इंदौर के पंकज विश्वकर्मा ने उज्जैन के शिवम सोलंकी को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। महिला एकल के फाइनल में इंदौर की भव्या राव ने भोपाल की पारमी नागदेवे को 4-1 से शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। तीन दिन तक चली प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में दमखम दिखाया। समापन दिवस पर पुरुष और महिला एकल के साथ युवा वर्ग के फाइनल मुकाबले भी खेले गए। खिलाड़ियों के बीच कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और अंतिम अंक तक जीत के लिए संघर्ष देखने को मिला। समापन समारोह में ओम सोनी ने विजेताओं को सम्मानित किया।
युवा वर्ग में भी दिखा दमखम
यूथ बॉयज अंडर-11 के फाइनल में आर. जैन ने इंदौर के कियान इंगले को 3-2 से हराकर खिताब जीता। यूथ गर्ल्स अंडर-11 में इंदौर की अनिका माहेश्वरी ने अपनी ही शहर की दिशा रघुवंशी को 3-0 से शिकस्त दी।यूथ गर्ल्स अंडर-13 में इंदौर की आरवी जैन ने भोपाल की खुशी बघेल को 3-1 से हराया। यूथ बॉयज अंडर-13 में इंदौर के साकार भार्गव ने प्रयांश जैन को कड़े मुकाबले में 3-2 से पराजित किया। यूथ बॉयज अंडर-15 में इंदौर के रक्षित चावड़ा ने किरार वानखेड़े को 3-0 से हराया। यूथ बॉयज अंडर-17 में मृदुल जोशी ने रक्षित चावड़ा को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। यूथ गर्ल्स अंडर-17 में भव्या राव ने दिया पटेल को 3-0 से हराकर प्रतियोगिता में अपना दूसरा खिताब जीता।
खिलाड़ियों को किया सम्मानित
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश टेबल टेनिस संघ के चेयरमैन एवं मध्यप्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष ओम सोनी रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। समारोह में जीडीटीटीए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. नीरज कौल, एमपीटीटीए के संयुक्त सचिव निलेश वेद, सचिव गौरव पटेल, जीडीटीटीए अध्यक्ष दीपक सचेती, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि बग्गा सहित खेल जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुदेश दहीवाशे, पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी सुचित चतुर्वेदी, स्वपन साहा, वितेश कपूर, रिंकी घोष और वरिष्ठ खिलाड़ी अशोक मांजरेकर भी उपस्थित रहे। आयोजन सचिव सुयश चतुर्वेदी ने अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।