समाचार

ग्वालियर: 22 दिन बाद लगना है मेला, लेकिन न दुकानें तय, न ही ठेकों का हिसाब,15 दिसंबर से मेले का ऐलान, मैदान में अब तक इंतजाम नदारद

तारीख घोषित हो चुकी है, कैलेंडर में मेला शुरू होने का दिन भी तय है, लेकिन मैदान की तस्वीर देखकर नहीं लगता कि ग्वालियर व्यापार मेला 15 दिसंबर से शुरू हो पाएगा। माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला को लेकर प्राधिकरण ने 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक आयोजन का ऐलान तो कर दिया, लेकिन तैयारियां अब भी कागजों और टेंडर प्रक्रिया के बीच उलझी हुई हैं। मैदान में कहीं झाड़ियां उगी हैं, तो कहीं दुकानों का इंतजार है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 6:22 PM IST
मैदान में झाड़ियां, सेक्टरों में सन्नाटा
मैदान में झाड़ियां, सेक्टरों में सन्नाटा

ग्वालियर. तारीख घोषित हो चुकी है, कैलेंडर में मेला शुरू होने का दिन भी तय है, लेकिन मैदान की तस्वीर देखकर नहीं लगता कि ग्वालियर व्यापार मेला 15 दिसंबर से शुरू हो पाएगा। माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला को लेकर प्राधिकरण ने 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक आयोजन का ऐलान तो कर दिया, लेकिन तैयारियां अब भी कागजों और टेंडर प्रक्रिया के बीच उलझी हुई हैं। मैदान में कहीं झाड़ियां उगी हैं, तो कहीं दुकानों का इंतजार है। अनारक्षित दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया तक शुरू नहीं हो सकी है और कई जरूरी ठेकों की प्रक्रिया भी अधूरी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मेले की शुरुआत में महज 22 दिन बचे हैं, तब क्या इतने कम समय में पूरा मैदान तैयार हो पाएगा? प्राधिकरण का गठन होने के बावजूद तैयारियों की रफ्तार सवालों के घेरे में है। हालात बता रहे हैं कि तारीख भले 15 दिसंबर की तय हो, लेकिन मेला पूरी रौनक के साथ सजने में इस बार भी देरी हो सकती है।

2400 दुकानों में से 1930 का ही आवंटन, बाकी का इंतजार
व्यापार मेले में करीब 2400 दुकानें हैं, लेकिन अब तक 1930 दुकानों का ही आवंटन हो पाया है। अनारक्षित दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया अभी शुरू तक नहीं हुई है। यानी जिन व्यापारियों को दुकानें मिलनी हैं, उनके सामने भी असमंजस बना हुआ है। सवाल यह है कि जब आवंटन की प्रक्रिया ही पूरी नहीं हुई तो व्यापारी दुकानें तैयार कर कारोबार कब शुरू करेंगे?

10 दिसंबर की डेडलाइन, नहीं तो दुकान आवंटन रद्द
प्राधिकरण ने दुकानदारों को साफ संदेश दिया है। 10 दिसंबर तक दुकानें नहीं लगाने वाले दुकानदारों का आवंटन निरस्त किया जाएगा। इसका उद्देश्य खाली पड़ी दुकानों को लेकर सख्ती करना है, लेकिन दूसरी ओर जिन दुकानों का आवंटन ही अभी नहीं हुआ, उनके लिए समय पर तैयारी करना भी बड़ी चुनौती होगी।

तारीख आगे, तैयारियां पीछे… फिर वही लेटलतीफी?
ग्वालियर व्यापार मेले की परंपरा रही है कि 25 दिसंबर के आसपास इसकी शुरुआत होती है, लेकिन पूरी रौनक आने में 10 जनवरी तक का समय लग जाता है। इस बार आयोजन 10 दिन पहले यानी 15 दिसंबर से शुरू करने का ऐलान किया गया है। ऐसे में प्राधिकरण के सामने चुनौती दोगुनी है। तारीख पहले कर दी गई, लेकिन तैयारियों की रफ्तार अब भी पुरानी ही नजर आ रही है।

121 ऑटोमोबाइल स्टॉल, 189 इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम बुक
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के सचिव एसबी त्रिपाठी के अनुसार, ऑटोमोबाइल सेक्टर में अब तक 121 स्टॉल और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में 189 शोरूम बुक हो चुके हैं। मेले की करीब 50 फीसदी सफाई पूरी होने का दावा किया गया है। सफाई ठेकेदार को 5 दिसंबर से पहले पूरे मेले की सफाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्किंग का टेंडर अभी बाकी है, जिसके लिए री-टेंडर किया गया है। प्राधिकरण का दावा है कि बाकी व्यवस्थाओं को भी समय सीमा में पूरा कराया जाएगा।

मैदान में झाड़ियां, सेक्टरों में सन्नाटा
मेले के अलग-अलग सेक्टरों की हालत भी तैयारियों की पोल खोल रही है। साफ-सफाई का काम अधूरा है। कई जगह झाड़ियां उगी हुई हैं। ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में भी तैयारियों की रफ्तार अपेक्षा के अनुरूप नहीं दिख रही। करीब 20 तरह के कार्यों के लिए टेंडर किए जाने हैं। इनमें से कई प्रक्रियाएं अब भी चल रही हैं। टेंडर के लिए विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं।

Updated on:
23 Nov 2026, 6:22 PM IST
Published on: