भीलवाड़ा। टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल के महामुकाबले में भारत की ऐतिहासिक जीत का जश्न सोमवार को भी शहर के कई हिस्सों में जारी रहा। सोमवार को यहां होटलों व प्रतिष्ठानों पर केक सैरमनी आयोजित की गई। इससे पूर्व रविवार को एतिहासिक जीत ने वस्त्र नगरी भीलवाड़ा को उत्सव के सागर में सराबोर कर दिया। […]
भीलवाड़ा। टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल के महामुकाबले में भारत की ऐतिहासिक जीत का जश्न सोमवार को भी शहर के कई हिस्सों में जारी रहा। सोमवार को यहां होटलों व प्रतिष्ठानों पर केक सैरमनी आयोजित की गई। इससे पूर्व रविवार को एतिहासिक जीत ने वस्त्र नगरी भीलवाड़ा को उत्सव के सागर में सराबोर कर दिया। पूरा शहर 'भारत माता की जय' और 'वंदेमातरम' के उद्घोष से गूंज उठा। सन्नाटे को चीरते हुए बड़ी संख्या में लोग तिरंगा थामे सड़कों पर निकल पड़े। बाजारों से लेकर गली मोहल्ले में पटाखे छूटने लगे.
मैच के दौरान रविवार रात आलम यह था कि बाजार और गलियां पूरी तरह वीरान हो गईं। सवा सौ करोड़ भारतीयों की धड़कनें न्यूजीलैंड के खिलाफ हर गेंद पर थम रही थीं। लेकिन जीत मिलते ही सारा संयम टूट गया। शहर के प्रमुख चौराहों सूचना केंद्र और गोल प्याऊ समेत प्रमुख मार्गों पर क्रिकेट प्रेमियों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि आधी रात को भी दोपहर जैसा नजारा दिखने लगा।
शहर धमाकों के साथ आसमान सतरंगी पटाखों की रोशनी से नहा उठा। बाइकों पर सवार युवाओं की टोलियां 'टीमइंडिया' के नारों के साथ शहर के चक्कर लगाती रहीं। देर रात लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर इस जीत को 'राष्ट्रीयपर्व' की तरह मनाया।
प्रार्थनाओं से मिली जीत की शक्ति
मैच से पहले भीलवाड़ा के मंदिरों में विशेष अभिषेक और हनुमान चालीसा के पाठ किए गए थे। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि यह जीत करोड़ों दिलों की धड़कन है। होटलों और क्लबों में लगी बड़ी स्क्रीन्स पर हर विकेट गिरने के साथ ही खेल प्रेमियों ने भी एक-दूसरे को गले लगाकर जीत की बधाई दी। जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष महेंद्र नाहर, सचिव रामपाल शर्मा, किशोर केवलरामानी, पूर्व अध्यक्ष केके शर्मा,डॉ. कमल शर्मा, डॉ. पीएम परिहार, कोच संजय चंदेल व भारत सिंधी ने वर्ल्ड कप में भारत की तीसरी ख़िताबी जीत को ऐतिहासिक बताया।