समाचार

TNLA Election : इस सीएम की 5 साल में घट गई सम्प​त्तियां

Mar 31, 2026
तिरुवारूर में सीएम स्टालिन के वाहन की जांच

चेन्नई. गत पांच सालों में मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की सम्पत्ति करीब एक करोड़ रुपए घट गई है। स्टालिन चेन्नई जिले के कोलातूर सीट से मैदान में है। उन्होंने सोमवार को नामांकन पत्र भरा था जिसके अनुसार उनकी कुल सम्पत्ति 6.25 करोड़ है। पांच साल पहले 2021 में दायर नामांकन में उन्होंने 7.2 करोड़ की सम्पत्ति घोषित की थी। ताजा हलफनामे के अनुसार, उनकी चल संपत्ति 3.3 करोड़ रुपए और अचल संपत्ति 2.95 करोड़ रुपए है। शपथपत्र में उन्होंने बताया कि उनके पास 2.8 करोड़ रुपए की जमा राशि है। वेलचेरी के सीतापति नगर स्थित 5,833 वर्गफीट के आवासीय भवन में उनकी 50% हिस्सेदारी का वर्तमान बाजार मूल्य 1.57 करोड़ रुपए है। तिरुवारूर के कीळ सन्निधि स्ट्रीट स्थित 3,620 वर्गफीट के आवासीय भवन में 25% हिस्सेदारी की कीमत 20.26 लाख रुपए है।इसी तरह तंजावुर जिले के अगरथिरुनल्लूर गांव में 2.8 एकड़ कृषि भूमि का वर्तमान बाजार मूल्य 5.72 लाख रुपए और तिरुवारूर जिले के कट्टूर गांव में 52,732 वर्गफीट गैर-कृषि भूमि की कीमत 1.12 करोड़ रुपए है। 2024-25 में दाखिल आयकर रिटर्न के अनुसार, स्टालिन की कुल आय 30.54 लाख रुपए रही।

तिरुवारूर में सीएम स्टालिन के वाहन की जांच

मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एम.के. स्टालिन की गाड़ी की मंगलवार को चुनाव उड़नदस्ते ने जांच की। स्टालिन मंगलवार सुबह निजी विमान से तंजावुर एयर फोर्स स्टेशन पहुंचे थे। वहां से वे सड़क मार्ग से तिरुवारूर में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत के लिए रवाना हुए। सलीआमंगलम जंक्शन पर तैनात फ्लाइंउ स्क्वॉड ने सुबह लगभग 10:30 बजे तिरुचि-नागपट्टिनम हाइवे पर मुख्यमंत्री की गाड़ी को रोका। टीम ने गाड़ी में सवार होकर मुख्यमंत्री के सामान और डैशबोर्ड की पूरी जांच की।सूत्रों के अनुसार, जांच के बाद मुख्यमंत्री स्टालिन का काफिला तिरुवारूर की ओर आगे बढ़ गया। अधिकारियों ने बताया कि यह जांच चुनाव प्रक्रिया के तहत की गई थी।

चुनाव के दौरान उड़नदस्ता द्वारा वीआइपी वाहनों की नियमित जांच की जाती है। मंगलवार को हुई इस कार्रवाई के चलते मुख्यमंत्री के काफिले की कुछ देर के लिए जांच की गई, लेकिन इसके बाद यात्रा बिना किसी बाधा के जारी रही।चुनाव उड़नदस्ता से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, "हमने निर्धारित प्रक्रिया के तहत वाहन की जांच की और सभी सामान की पड़ताल की।" जांच के दौरान कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

Updated on:
31 Mar 2026 04:05 pm
Published on:
31 Mar 2026 04:05 pm