अहमदाबाद

Ahmedabad: धोलका के रामपुर पाटिया के पास हिट एंड रन, बाइक से जा रहे दो लोगों की मौत

-रामपुर पाटिया से कैनाल के बीच दोपहर को हुई घटना, टक्कर मारकर अज्ञात वाहन चालक हुआ फरार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस

2 min read
Accident in Bagodara
अहमदाबाद जिले के बगोदरा हाईवे पर पलटी कार।

Ahmedabad. जिले की धोलका तहसील के रामपुर पाटिया के पास हिट एंड रन की घटना सामने आई है। किसी अज्ञात वाहन ने यहां से गुजर रही बाइक को टक्कर मार दी और फरार हो गया। इस वाहन दुर्घटना में बाइक से जा रहे दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची धोलका टाउन पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। दोनों ही शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए धोलका कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (सीएचसी) में भेजा है। फरार हुए अज्ञात वाहन चालक की सीसीटीवी कैमरों की मदद से तलाश शुरू की है।

धोलका टाउन पुलिस के तहत यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच रामपुर पाटिया से कैनाल के बीच हुई। यहां बाइक से गुजर रहे दो युवकों को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। वाहन ट्रक था, बस थी, कार थी या अन्य कोई वाहन था, उसका पता नहीं चल पाया है। इस बारे में जांच की जा रही है। मृतकों में एक का नाम किशन है। वह पंचमहाल जिले का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान सुनील मकवाणा के रूप में हुई है। वह मोरबी जिले का निवासी है। मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। उनसे पूछताछ के आधार पर आगे कुछ और जानकारी मिलेगी।

बगोदरा-धंधुका हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, चालक की मौत

अहमदाबाद. जिले के बगोदरा-धंधुका हाईवे पर धींगडा गांव में ब्रिज के पास डिवाइडर से टकराकर एक कार पलट गई। इस घटना में कार चालक की गंभीर रूप से जख्मी होने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार मां-बेटे जख्मी हो गए। उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।पुलिस के तहत यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे धींगडा ब्रिज के पास हुई। मूलरूप से गिर सोमनाथ जिले के इटवाया निवासी हाल दिल्ली में रहकर नौकरी करने वाले सुमित कोराट (31) कार लेकर उनके जीजा मौलिक गजेरा (31), बहन रिंकल और चार वर्षीय भानेज के साथ कार में सूरत से इटवाया जा रहे थे। धींगड़ा ब्रिज से गुजरते समय सुमित ने कार की स्टीयरिंग से काबू खो दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। इसमें गंभीर रूप से जख्मी होने से सुमित की मौत हो गई, जबकि रिंकल और उसका बेटा अव्यांश जख्मी हो गए। दोनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। बगोदरा पुलिस ने जांच शुरू की है।

चांदखेड़ा में स्कूल बस ने बाइक को मारी टक्कर, एक जख्मी

अहमदाबाद. शहर के चांदखेड़ा क्षेत्र में हीराधन चार रास्ते के पास शुक्रवार दोपहर सवा दो बजे एक स्कूल बस ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें एक व्यक्ति जख्मी हो गया। उसे उपचार के लिए एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। जख्मी व्यक्ति का नाम अजयकुमार झाला (23) है।

स्थानीय ट्रैफिक पुलिस के तहत इस संबंध में चांदखेडा विसत माता पानी की टंकी के पास रहने वाली कोमलबेन परमार (34) की शिकायत पर स्कूल बस के चालक चांदलोडिया निवासी भावेश कुमार (24) के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। स्कूल बस ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल की है।

Published on:
19 Jun 2026 09:47 pm