महू के आर्मी वार कॉलेज में मिला ‘वेटर्न अचीवर अवार्ड’ पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मिला सम्मान भव्य सैन्य समारोह में मिला प्रतिष्ठित सम्मान
उज्जैन। भारतीय थल सेना से सेवानिवृत्त उज्जैन निवासी मुकेश कुमार मोयल को उनके उत्कृष्ट सामाजिक एवं कल्याणकारी कार्यों के लिए थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी द्वारा सम्मानित किया गया। महू छावनी स्थित आर्मी वार कॉलेज के सभागृह में आयोजित भव्य सैन्य समारोह में उन्हें ‘वेटर्न अचीवर अवार्ड’ से नवाजा गया। इस अवसर पर कुल तीन पूर्व सैनिकों को उनके विशिष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किए गए। यह सम्मान पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।
उज्जैन संभाग पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार मोयल भारतीय थल सेना की ईएमई कोर में एसीपी हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे पूर्व सैनिक संगठन और सैनिक सुविधा केंद्र के माध्यम से लगातार सेवा कार्यों में सक्रिय हैं। उनके प्रयासों से उज्जैन, शाजापुर, आगर मालवा, राजगढ़, देवास, रतलाम, मंदसौर, इंदौर और धार सहित मध्य प्रदेश के कई जिलों में रहने वाले पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, वीर माता-पिता और उनके आश्रितों की पेंशन, मेडिकल (ईसीएचएस), छात्रवृत्ति और पुनर्वास से जुड़ी समस्याओं का ऑनलाइन समाधान किया जा रहा है।
इससे पहले 10 दिसंबर 2025 को उज्जैन के कर्नल राजकुमार सिंह चौहान, कर्नल प्रदीप सिंह और सूबेदार कमल सोनी को भी इस प्रतिष्ठित अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। संगठन के सचिव रविप्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि मोयल की इस उपलब्धि पर उज्जैन संभाग पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष सूबेदार कमल सोनी, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार तोमर, संयुक्त सचिव सवाई सिंह शेखावत, शैलेन्द्र सिंह डोडिया, एस.एन. श्रीवास्तव, प्रशांत निगम, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ग्रुप कैप्टन विष्णुदत्त शर्मा, कर्नल राजकुमार सिंह चौहान, कर्नल प्रदीप सिंह, मेजर डॉ. कविता जैन चौधरी सहित संगठन के सभी सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।