
कोयंबत्तूर. 'वी द लीडर्स' संगठन के अध्यक्ष अन्नामलै ने रविवार को कहा कि 2031 में तमिलनाडु में एक और सत्ता परिवर्तन अवश्य होगा। उन्होंने यह बात पोल्लाची में आयोजित 'मादक पदार्थ रहित तमिलनाडु' सम्मेलन में कही। भाजपा छोड़ने के बाद अन्नामलै ने यह संगठन शुरू किया है जिसकी यह पहली सार्वजनिक रैली थी।अन्नामलै ने अपने संबोधन में कहा कि 2031 में तमिलनाडु की जनता के सामने हमारी राजनीतिक पार्टी खड़ी होगी। 39 वर्ष से कम उम्र के लोगों ने 2026 में तमिलनाडु में सत्ता परिवर्तन किया। वही लोग 2031 में एक और सत्ता बदलाव लाएंगे। यह कोई पारिवारिक संगठन नहीं है और किसी को विशेष तौर पर आमंत्रित नहीं किया गया था। इतनी बड़ी संख्या में बिना बुलाए लोग आए हैं, इसका अर्थ है कि तमिलनाडु में अच्छा परिवर्तन चाहते हैं।
संगठन से 19 लाख लोग जुड़े
उन्होंने बताया कि फिलहाल 'वी द लीडर्स' संगठन से 19 लाख लोग जुड़े हैं। "यह संख्या जब 50 लाख तक पहुंचेगी, तब समझ लेना चाहिए कि तमिलनाडु की जनता हमें बुला रही है। सभी सदस्य स्वेच्छा से हमारे साथ जुड़ें, यही हमारा उद्देश्य है। अगले 6 महीनों में हर माह एक महत्वपूर्ण मुद्दा जनता के सामने रखा जाएगा।"
अन्नामलै ने संगठन की सदस्यता को लेकर बताया कि 19 लाख सदस्यों में 83 प्रतिशत पुरुष और 17 प्रतिशत महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी को 50 प्रतिशत तक बढ़ाना है। हमारे संगठन में 54 प्रतिशत सदस्य 39 वर्ष से कम आयु के हैं। ये युवा बदलाव के लिए जुड़ रहे हैं।मादक पदार्थों के प्रति जागरूकता अभियान का जिक्र करते हुए अन्नामलै ने बताया कि अब हर साल जुलाई माह को नशा विरोधी माह के रूप में मनाया जाएगा। "मादक पदार्थ रहित तमिलनाडु हमारे समय में ही बनना चाहिए।"
टीवीके सरकार को दिए एक साल
प्रशासन की आलोचना पर अन्नामलै ने कहा, "मुझसे कहा जाता है कि मौजूदा सरकार की आलोचना करूं। एक करोड़ 68 लाख लोगों ने वोट देकर इस सरकार को चुना है, उसका सम्मान करना चाहिए। राज्य कैबिनेट में केवल एक मंत्री को छोड़कर सभी नए हैं, वे अनुभवहीन हैं। हमें उन्हें सहारा देना चाहिए, उन पर दबाव नहीं डालना चाहिए।"अंत में अन्नामलै ने कहा कि उनका संगठन सत्ता के लिए नहीं, बल्कि अच्छे समाज के निर्माण के लिए कार्य कर रहा है। हम एक साल तक मौजूदा सरकार की आलोचना नहीं करेंगे। 2031 में तमिलनाडु की जनता के समक्ष हमारी राजनीतिक पार्टी खड़ी होगी। हम स्वस्थ राजनीति के लिए खड़े रहेंगे, न कि तुच्छ राजनीति के लिए। उन्होंने विश्वास जताया कि "जनता हमें अवसर देगी।"