पाठकों ने इस सवाल पर विभिन्न जवाब दिए हैं, प्रस्तुत हैं पाठकों के कुछ जवाब
भारी वाहनों की एंट्री न हो
आजकल शहरों में ट्रैफिक जाम की समस्या एक बहुत बड़ी समस्या हो गई है। लोग अपने घर से निकलते हैं किसी गन्तव्य के लिए और वहां पर अगर समय से पहुंच गए तो यह बहुत बड़ी बात होगी। हाइवे पर भारी वाहनों जैसे ट्रक इनके लिए अलग सड़क लाइन की व्यवस्था हो। अन्य चौपहिया वाहनों के लिए अलग तथा छोटे वाहनों जैसे मोटरसाइकिल, साइकिल, और पैदल यात्रियों के लिए अलग व्यवस्था हो। ट्रैफिक नियमों की कड़ाई से पालना हो। जब सभी गाड़ियों की अलग अलग सड़कें होंगी तो जाम की समस्या नहीं आएंगी। भारी वाहनों की शहर में एंट्री रोकनी चाहिए। - सरिता प्रसाद, पटना
लोगों में ट्रैफिक सेंस होना जरूरी
लोगों में ट्रैफिक सेंस होना जरूरी है। प्रायः आगे निकलने की होड़ में गलत तरीके से ओवरटेक करने के कारण जाम की स्थिति निर्मित होती है। समस्त वाहन चालकों द्वारा यातायात के नियमों का पालन किया जाना चाहिए। - ललित महालकरी, इंदौर
पैदल या साइकिल से यात्रा करें
सार्वजनिक परिवहन की सुविधाएं बढ़ाने व इसे सस्ता और सुविधाजनक बनाने की अत्यंत आवश्यकता है। आज परिवार के लगभग हर सदस्य के पास कोई न कोई वाहन होता है जिसका सप्ताह में कम से कम दो से तीन दिन उपयोग न करना इस समस्या को कम करने में निश्चय ही मददगार हो सकता है। पैदल व साइकिल यात्रा भी समस्या का बहुत हद समाधान हो सकता है। सड़कों का विस्तार, उनका उचित रखरखाव, ट्रैफिक सिग्नलों का नियमानुसार पालन, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग समस्या को कम कर सकता है। इसके अलावा जाम की समस्या के प्रति जागरूकता, मोबाइल ऐप्स का उपयोग कर जाम की स्थिति के बारे में पहले से अवगत होना भी समस्या से निजात दिला सकता है। - संजय निघोजकर, धार मप्र
नियमों की सख्ती से पालना हो
ट्रैफिक जाम से बचने के लिए इसके नियमों का पूर्णतया और सख्ती से पालन हो और पालन नहीं करने वालों से सख्ती से पालना करवाई जाए, तभी इस समस्या से निजात पाई जा सकती है। - कैलाश चन्द्र मोदी, सादुलपुर
चौराहों का चौड़ीकरण किया जाए
ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए निम्न उपाय किए जा सकते है। चौराहों पर लेफ्ट साइड सिग्नल फ्री कर देना चाहिए। इसके लिए यदि जरूरत पड़ी तो उन चौराहों का चौड़ीकरण होना चाहिए। लोगों को आपस में शेयर्ड वाहन पुलिंग करनी चाहिए, इससे ईंधन की भी बचत होगी। बसों का आवागमन उसके यात्रियों की जरूरत के हिसाब से होना चाहिए। - शिवदास काले
बिजी मार्गों को डायवर्ट करें
अक्सर देखा जाता है किसी विशेष अवसर पर बड़ी संख्या में व्हीकल का एक साथ पहुंचाना लाजमी हो जाता है, जैसे कोई बड़ी परीक्षा का होना, मेला, उत्सव, जलसा आदि। इसके लिए प्रशासन को पूर्व से ही अलर्ट मोड पर रहते हुए पार्किंग मैनेजिंग क्लॉक द राउंड रखनी चाहिए। बिजी मार्गों को डायवर्ट करना चाहिए। वीवीआईपी कल्चर को कैंसिल करना चाहिए। वन वे ट्रैफिक पर भी अच्छे से होमवर्क करना चाहिए। प्रशासन की बेहतरीन व्यवस्था के बावजूद भी आम जनता को प्रशासन का सहयोग करना होगा। - रमेश पुरी गोस्वामी, राजगढ़