newsupdate

CG News: महिला डीएसपी को भारी पड़ी दोस्ती में ड्यूटी की बातें, जानकारी लीक करने की मिली सजा

CG News: डीएसपी वर्मा और कारोबारी टंडन दोनों पक्षों के बयान लेने के बाद मामले की जांच की। इस दौरान यह तथ्य भी आया कि डीएसपी वर्मा ने गोपनीय सूचनाएं भी लीक की हैं।

2 min read
Feb 06, 2026

CG News: महिला डीएसपी कल्पना वर्मा को कारोबारी दीपक टंडन से दोस्ती के साथ ड्यूटी की बातें भारी पड़ गई। दोनों के बीच हुए लाखों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद की जांच रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। डीएसपी वर्मा पर दंतेवाड़ा में पोस्टिंग के दौरान नक्सल संबंधी गोपनीय सूचना लीक करने का आरोप लगा है। इसी के आधार पर उन्हें निलंबन का सामना करना पड़ा है। दरअसल इसका खुलासा होटल कारोबारी दीपक द्वारा आईजी और डीजीपी को की गई लिखित शिकायत से हुआ है।

शिकायत की जांच के लिए तत्कालीन ग्रामीण एएसपी कीर्तन राठौर को जांच अधिकारी बनाया गया। एएसपी राठौर ने डीएसपी वर्मा और कारोबारी टंडन दोनों पक्षों के बयान लेने के बाद मामले की जांच की। इस दौरान यह तथ्य भी आया कि डीएसपी वर्मा ने गोपनीय सूचनाएं भी लीक की हैं। हालांकि कारोबारी टंडन ने उन पर महादेव सट्टा ऐप से लेकर अन्य कई आरोप लगाए थे। जांच अधिकारी ने मामले में 1000 पन्नों से अधिक की जांच रिपोर्ट तैयार की है। इसे पुलिस मुख्यालय को सौंप दिया।

डीएसपी-कारोबारी के बीच विवाद की शुरुआत

कारोबारी दीपक की महिला डीएसपी से पारिवारिक मित्रता थी। उनके पिता व भाई से भी दोस्ती थी। दीपक ने महिला डीएसपी के पिता हेमंत वर्मा और भाई राकेश वर्मा को 25 लाख रुपए दिए, जिससे होटल एटमॉस्फेरिया खरीदा गया। इसी होटल के सौदे को लेकर दीपक का हेमंत और राकेश से विवाद हुआ। इसके बाद हेमंत और राकेश ने दीपक की पत्नी के नाम से दो चेक, उसकी कार भी ले लिया। बाद में उसकी पत्नी के खिलाफ चेक बाउंस का मामला लगा दिया। बाद में दीपक की पत्नी बरखा ने उनकी शिकायत की, तो महिला डीएसपी के दबाव में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद दीपक ने महिला डीएसपी के साथ निजी वाट्सऐप चैट वायरल किया और उच्च अधिकारियों से शिकायत की।

सोने के गहने, कैश और महंगे गिफ्ट लिए

वायरल चैट के अनुसार कारोबारी दीपक ने महिला डीएसपी को सोने के जेवर, कैश और अन्य महंगे गिफ्ट दिए हैं। कारोबारी का दावा है कि यह सब लेने के बाद भी उसकी कार भी ली गई। दूसरी ओर महिला डीएसपी ने इन आरोपी का खंडन किया था।

केस निपटाने का भी जिक्र

एक वाट्सऐप चैट में कारोबारी दीपक और महिला डीएसपी के बीच एक थाने के टीआई को एफआईआर के सिलसिले में कैश देने का भी जिक्र है। चैट के अनुसार कारोबारी ने यह रकम महिला डीएसपी को दी थी। फिर उस रकम को टीआई और स्टॉफ के लिए महिला डीएसपी ने दी है।

कारोबारी भी है विवादित

कारोबारी दीपक भी काफी विवादित है। उसके खिलाफ कोरबा में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। इसके अलावा जमीन कारोबारी पिंटू मंडल और उसके गुर्गों ने एक फार्म हाउस में कारोबारी दीपक की पिटाई की थी। पिटाई का वीडियो भी बनाकर वायरल किया था। वीडियो वायरल होने के बावजूद इस मामले में पुलिस ने कोई संज्ञान नहीं लिया है। आरोपी पिंटू के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की है, जबकि इस तरह के वीडियो वायरल होने पर पुलिस स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई करती है। कारोबारी दीपक का संबंध कोल स्कैम में शामिल सौम्य चौरसिया से भी जोड़ा जाता है।

Published on:
06 Feb 2026 12:31 am
Also Read
View All

अगली खबर