
रतलाम.नामली पुलिस ने महू-नीमच हाईवे रोड पर धोंसवास के पास कार्रवाई करते हुए एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब एवं बीयर जब्त करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने 125 पेटी शराब एवं बीयर तथा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप सहित लगभग 12 लाख 96 हजार 856 रुपए का मश्रुका जब्त किया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध शराब के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन पर एएसपी रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल, एएसपी रतलाम शहर राकेश राकेश पन्द्रो, एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में थाना नामली पुलिस लगातार निगरानी एवं कार्रवाई कर रही है। धौंसवास से नामली जा रहा था वाहन नामली थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद ने बताया बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात नामली पुलिस को महू-नीमच हाईवे रोड पर धोंसवास के पास एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन जीजे -20-एक्स-6860 से अवैध शराब परिवहन करने की जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की जांच की गई। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब एवं बीयर की पेटियां भरी हुई मिलीं। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। वाहन से बरामद शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं होने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना नामली पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। शराब किसकी थी, कौन ले जा रहा था और कहां ले जाई जा रही थी यह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद स्पष्ट हो सकेगा।
जब्त शराब एवं मश्रुका का विवरण
- बैगपाईपर अंग्रेजी शराब, कुल 82 पेटी।
- प्रत्येक पेटी में 48-48 क्वार्टर।
- कुल मात्रा 708.48 बल्क लीटर
- अनुमानित कीमत 6,73,056 रुपए
- माउंट 6000 कंपनी की बीयर
- कुल 43 पेटी (प्रत्येक पेटी में 24-24 सीलबंद कैन)
- कुल मात्रा 516 बल्क लीटर।
- अनुमानित कीमत 1,23,800 रुपए
- परिवहन में प्रयुक्त वाहन
- एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक जीजे-20-एक्स-6860
- अनुमानित कीमत 5,00,000 रुपये।
- कुल जप्तमश्रुका 12,96,856
इस प्रकार नामली पुलिस ने 125 पेटी अंग्रेजी शराब एवं बीयर, जिसकी कुल मात्रा 1224.48 बल्क लीटर है तथा परिवहन में प्रयुक्त एक बोलेरो पिकअप वाहन सहित लगभग 12,96,856 रुपए का मश्रुका जब्त किया गया है।
इनकी भूमिका रही
इस कार्रवाई में नामली थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद, उनि केके पटेल, प्रधान आरक्षक नवीन पटेल, कांतिलाल ओहरिया, यातायात थाना रतलाम के सूबेदार अनोखीलाल परमार, आरक्षक नरेन्द्र चोरे, आरक्षक नीरज एवं वाहन चालक ठाकुर सिंह सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही।
एसपी ने कहा लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
एसपी अमित कुमार ने कहा कि रतलाम पुलिस की अवैध शराब के कारोबार एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा सतत निगरानी एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। किसी भी अपराधी को छोड़ेंगे नहीं।