कबीरधाम जिले का ऊपरी वन क्षेत्र मध्यप्रदेश के मंडला जिले के फेन अभयारण्य और कान्हा टाइगर रिजर्व से जुड़ा हुआ है। यह हाथियों के आवागमन का पारंपरिक गलियारा है। छत्तीसगढ़ की ओर यह क्षेत्र अचानकमार टाइगर रिजर्व से जुड़ता है, जहां से आगे गौरेला-पेंड्रा, कोरबा और अंबिकापुर तक वन क्षेत्र फैला हुआ है। हाथियों के दल इसी प्राकृतिक गलियारे का उपयोग करते हैं। कई बार रास्ता भटकने पर वे आसपास के जंगलों और वनग्रामों की ओर बढ़ जाते हैं। रिहायशी इलाकों में पहुंचने पर मकान, फसल और खाद्यान्न को नुकसान पहुंचने के साथ जनहानि का खतरा भी बढ़ जाता है।