क्रेडा के माध्यम से बोड़ला विकासखंड के ग्राम सौरू में सबसे अधिक 46 परिवारों को इसका लाभ मिला है। इसके अलावा महाराजपुरडीह में 11, बदौरा में 18, बोल्दा में 5 और चौराहा में एक परिवार के घर में सौर लाइटिंग सिस्टम लगाया गया है। वहीं पंडरिया विकासखंड के अजवाइनवाह में 2, सेजाडीह में 12 और छिन्दिडीह में एक परिवार को इस सुविधा से जोड़ा गया है। सौर ऊर्जा से घरों में रोशनी होने का सीधा फायदा बच्चों की पढ़ाई और परिवारों के रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ रहा है। अब शाम ढलने के बाद भी बच्चे घर में पढ़ाई कर पा रहे हैं। महिलाओं और अन्य परिजनों को घरेलू काम निपटाने में सहूलियत मिल रही है। घरों के भीतर और आसपास रोशनी रहने से रात की गतिविधियां भी पहले की तुलना में आसान हुई हैं।