
Raigarh Food Inspection: होटल-रेस्टोरेंट पर खाद्य विभाग की नजर(photo-patrika)
Raigarh Food Inspection: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग का अभियान जारी है। ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने शहर के जोहाल पैलेस और जिंदल रेसीडेंसी का निरीक्षण कर चावल, दाल, पनीर, ग्रेवी और आटे समेत कुल आठ खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने केवड़ाबाड़ी चौक स्थित जोहाल पैलेस और जगतपुर रोड स्थित जिंदल रेसीडेंसी का निरीक्षण किया। इस दौरान होटल परिसर, रसोईघर और भोजन तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की जांच की गई। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया।
जांच के दौरान जोहाल पैलेस से पके हुए चावल, पनीर, दाल और प्याज की ग्रेवी के नमूने लिए गए। वहीं, जिंदल रेसीडेंसी से दाल, पनीर, चावल और आटे के सैंपल एकत्र किए गए। दोनों होटलों से लिए गए कुल आठ नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन की स्थिति स्पष्ट होगी।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने दोनों होटल संचालकों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। होटल परिसर और रसोईघर की नियमित सफाई के साथ पीने के पानी की गुणवत्ता जांच कराने को कहा गया। इसके अलावा भोजन तैयार करने वाले कर्मचारियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और होटल परिसर में पेस्ट कंट्रोल कराने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने भोजन तैयार करने के दौरान खाद्य रंगों का सीमित इस्तेमाल करने, खाद्य पदार्थों को अखबार में नहीं रखने और खाना बनाने में इस्तेमाल किए गए तेल का बार-बार उपयोग नहीं करने की हिदायत दी। विभाग ने स्पष्ट किया कि भोजन की गुणवत्ता के साथ स्वच्छता मानकों का पालन भी जरूरी है।
इससे पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने फार्म हाउस किचन का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान वहां एक्सपायरी मैदा मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया था। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित होटल का लाइसेंस तीन दिनों के लिए निलंबित किया गया था। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत अब तक 15 से अधिक खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर रायपुर स्थित प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। जांच रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 16 से 30 नवंबर तक चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत जिले के होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में निरीक्षण और नमूना संकलन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
26 Nov 2026, 5:54 PM IST
Published on:
26 Nov 2026, 5:53 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़




