
पेट्रोल पंपों पर लगा ताला (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Petrol Pump Sealed: पेट्रोल पंपों में वाहन चालकों को सुविधाएं देने के लिए तय मापदंड और दिए गए निर्देशों का पालन न करने वाले संचालकों पर सख्ती बरतना शुरू कर दिया गया है। संयुक्त टीम ने ऐसे 8 पेट्रोल पंप में आगामी आदेश तक के लिए विक्रय पर प्रतिबंध लगाते हुए सील कर दिया गया है।
राजस्व व खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अंगुरी पेट्रोलियम, श्री हरि पेट्रोलियम, श्री बजरंग फ्यूल्स, राधाकिशन फ्यूल्स अंजोरीपाली विकासखंड खरसिया, नरेंद्र केएसके राजपुर, एमएस हेमकुण्ड फ्यूल्स कुरमापाली तहसील रायगढ़, मेसर्स रायगढ़ सिटी फ्यूल्स जूटमिल रायगढ़, बाबा फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप विकासखण्ड धरमजयगढ़ तथा अन्य संबंधित पेट्रोल पंपों में अनियमितताओं के आधार पर विक्रय बंद करने की कार्रवाई की गई है। संबंधित पंपों में मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (प्रदाय तथा वितरण विनियमन और अनाचार निवारण) आदेश, 2005 तथा एलओआई की कंडिकाओं का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
उल्लेखनीय है कि प्रशासन ने रायगढ़ जिले के सभी पेट्रोल-डीजल पंपों में नागरिक सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए थे। प्रत्येक पेट्रोल पंप में महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक-पृथक, स्वच्छ और उच्च स्तर के शौचालय व नियमित साफ-सफाई, बेहतर सैनिटेशन एवं हाइजीन व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही एयरपोर्ट स्तर की स्वच्छता और सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया गया था।
इसके बावजूद निरीक्षण के दौरान कई पेट्रोल पंपों में आवश्यक सुविधाओं की कमी और निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा संबंधित पंप संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। उक्त सभी पेट्रोल पंप से विक्रय पर प्रतिबंध लगाते हुए आगामी आदेश तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है।
प्रशासन ने सभी संबंधित तेल कंपनियों एवं पेट्रोल पंप संचालकों से कहा है कि प्रत्येक पंप में स्वच्छ पेयजल, वाहनों में नि:शुल्क हवा भरने की सुविधा, फस्र्ट एड बॉक्स, शिकायत एवं सुझाव बॉक्स तथा फोन और आपातकालीन संपर्क सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही सडक़ से लगे पेट्रोल-डीजल पंपों के एप्रोच एरिया में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए है, ताकि वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ए-साइट पेट्रोल-डीजल पंपों में संबंधित तेल कंपनियों द्वारा तथा बी-साइट पंपों में डीलर एवं संचालक द्वारा शौचालयों के निर्माण और आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में पेट्रोल पंपों की जांच एवं निगरानी जारी रहेगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
26 Nov 2026, 2:35 PM IST
Published on:
26 Nov 2026, 2:35 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़




