26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Raipur / Chhattisgarh News: 30 करोड़ का फंड तैयार, फिर भी ‘फाइल-वॉर’ में फंसा मंडी गेट अंडरब्रिज, जानें वजह?

Chhattisgarh News: 30 करोड़ का फंड तैयार, फिर भी ‘फाइल-वॉर’ में फंसा मंडी गेट अंडरब्रिज, जानें वजह?

30 Crore Underbridge Project: रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित मंडी गेट पर रोज लगने वाले जाम से लाखों लोग परेशान हैं। यहां से रोजाना 150 से 170 ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन अंडरब्रिज निर्माण की योजना अब तक फाइलों में अटकी है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Khyati Parihar

•

image

हिमांशु शर्मा

•

Updated: 26 Nov 2026, 12:41 PM IST

Chhattisgarh News

रोज जाम से जूझ रहे लाखों लोग (फोटो सोर्स- AI)

रायपुर@हिमांशु शर्मा। Mandi Gate Underbridge: देवेंद्र नगर स्थित मंडी गेट पर रोज लगने वाला जाम लोगों की मजबूरी बन चुका है। एक तरफ दिनभर में करीब 150 ट्रेनों की आवाजाही, दूसरी तरफ सड़क पर फंसे लाखों लोगों की परेशानी। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए 30 करोड़ रुपए का फंड तैयार है, अंडरब्रिज बनाने की योजना भी मौजूद है, लेकिन निर्माण की शुरुआत अब तक नहीं हो सकी। वजह सड़क पर जगह की कमी नहीं, बल्कि सरकारी फाइलों में उलझी मंजूरियां हैं। मंडी गेट अंडरब्रिज का प्रस्ताव एक बार फिर फाइल-वॉर में फंसता नजर आ रहा है।

जानकारी के अनुसार बजट में मंजूरी और फंड मिलने के बाद भी रेलवे एक साल से डिजाइन अप्रूव नहीं कर रहा है, जबकि पीडब्ल्यूडी लगातार बैठकें और पत्राचार कर रहा है। यह भी मामला सामने आ रहा है कि मंडी वाले भी जमीन नहीं दे रहे हैं।

चार साल पहले भी प्रस्ताव हो चुका निरस्त

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंडीगेट अंडरब्रिज का प्रस्ताव पहली बार वर्ष 2021-22 के बजट में शामिल किया गया था। शासन से मंजूरी नहीं मिलने के कारण दो साल बाद यह निरस्त हो गया। बढ़ती मांग को देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने इसे वर्ष 2025-26 के बजट में दोबारा शामिल कराया। करोड़ों का प्रावधान होने के बावजूद यदि समय पर जरूरी मंजूरी नहीं मिली तो इस बार भी योजना ठंडे बस्ते में जा सकती है।

जनता पूछ रही, आखिर कब खत्म होगा इंतजार

हर दिन ट्रेन गुजरने के दौरान बंद होने वाला फाटक, वाहनों की लंबी कतारें और समय की बर्बादी लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुकी हैं। सवाल यह है कि जब फंड मौजूद है और जरूरत भी साफ दिखाई दे रही है, तो फिर अंडरब्रिज का रास्ता क्यों नहीं खुल रहा? विभागीय खींचतान में आखिर कब तक आम लोगों का वक्त और धैर्य दोनों खर्च होते रहेंगे।

कई बार 10 मिनट तक फाटक बंद

वाल्टेयर रेल लाइन पर स्थित मंडीगेट क्रॉसिंग से रोजाना करीब 150 से 170 मालगाड़ियां और यात्री ट्रेनें गुजरती हैं। ट्रेन आने से पहले फाटक बंद होते ही सड़क पर वाहनों की कतार लग जाती है। वहीं कई बार एक के बाद एक ट्रेन गुजरती है, जिसके कारण दस मिनट से भी अधिक समय तक कई बार फाटक बंद रहता है। इसके बनने से पंडरी, मोवा, देवेंद्र नगर, फाफाडीह समेत दर्जनों इलाके के लोगों को राहत की सांस मिलेगी।